Lucknow: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में न्याय की गुहार लगाने पहुंचे रिटायर्ड फौजी ने जहरीला पदार्थ खा लिया। रिटायर्ड फौजी को सिविल अस्पताल ले जाया गया है। जहां उसका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि पीड़ित बीजेपी विधायक नंद किशोर गुर्जर की शिकायत करने पहुंचा था। फिलहाल इलाज जारी है। लेकिन इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं कि आखिर रिटायर्ड फौजी कैसे मुख्यमंत्री आवास तक नशीला पदार्थ लेकर पहुंच गए हैं। पुलिस का कहना है कि वो बाहर से ही जहरीला पदार्थ खाकर जनता दरबार पहुंचे थे। उनकी हालत ठीक है।
रिटायर्ड फौजी का चल रहा इलाज
दरअसल, गाजियाबाद जिले के लोनी थाने के ग्राम सिरौली के रहने वाले 65 वर्षीय रिटायर्ड फौजी सतबीर गुर्जर जनता दरबार पहुंचे थे। सतबीर गुरुवार सुबह करीब 8 बजकर 50 मिनट पर कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर सीएम योगी के जनता दरबार में न्याय की गुहार लगाने पहुंचे थे।
जानकारी के मुताबिक, जनता दरबार में पहुंचने के बाद सतबीर ने वहां मौजूद लोगों से कहा कि वो जहरीला पदार्थ खाकर आए हैं। इतना सुनते ही वहां मौजूद अधिकारी और कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गए। अचानक से हलचल मच गई थी।
अस्पताल में इलाज जारी
जनता दरबार की सुरक्षा व्यवस्था में लगे अधिकारी और कर्मचारियों ने तत्काल रिटायर्ड फौजी सतबीर गुर्जर को एम्बुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया दिया है। जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल अभी वो खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
पुलिस और जिम्मेदार अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। जानकारी के मुताबिक, सतबीर गुर्जर लोनी से बीजेपी विधायक नंद किशोर गुर्जर की शिकायत करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार पहुंचे थे। वो जहरीला पदार्थ खाकर ही जनता दरबार में गए थे।