Lucknow: राजधानी लखनऊ के चौक थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक युवक ने पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना घंटाघर के पास हुई, जहां दिनभर लोगों की भारी भीड़ रहती है। चौंकाने वाली बात यह रही कि युवक ने सार्वजनिक स्थल पर आत्मघाती कदम उठाया, लेकिन किसी ने उसे रोकने का प्रयास नहीं किया। सूचना पाकर सतखंडा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 27 वर्षीय गुड्डू के रूप में हुई है, जो सीतापुर जिले के रेवसा थाना क्षेत्र के चेनपुरवा गांव का निवासी था। वह करीब 16-17 साल से लखनऊ में रहकर दिहाड़ी मजदूरी करता था। जांच में मृतक की जेब से चिलम और गांजे की पुड़िया भी बरामद हुई। स्थानीय लोगों के मुताबिक गुड्डू नशे का आदी था, लेकिन स्वभाव से ईमानदार और खुशमिजाज माना जाता था। होटल संचालक गयासुद्दीन ने बताया कि घटना से कुछ देर पहले तक उसने सामान्य बातचीत की थी और उसके चेहरे पर किसी परेशानी के लक्षण नहीं थे।
पुलिस का कहना है कि युवक ने गमछे से फंदा लगाकर आत्महत्या की है। हालांकि आत्महत्या की असली वजह की जांच जारी है।
समाज के लिए चेतावनी
यह घटना केवल एक व्यक्ति की मौत नहीं, बल्कि समाज की संवेदनशीलता पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है। दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले इलाके में आत्महत्या जैसी घटना हो जाती है और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगती। यदि राहगीरों में से किसी ने समय रहते ध्यान दिया होता तो शायद युवक की जान बचाई जा सकती थी।
विशेषज्ञों का कहना है कि मानसिक स्वास्थ्य और नशे की लत जैसी समस्याओं पर समाज को जागरूक होना जरूरी है। ऐसे मामलों में समय पर मदद और संवेदनशीलता से कई जिंदगियां बच सकती हैं।

