Lucknow: गोसाईगंज क्षेत्र के सलेमपुर गांव के मजरा लोध पुरवा में शुक्रवार को दर्दनाक हादसा हो गया। लोनी नदी में नहाने उतरे तीन मासूम बच्चों में से दो की डूबकर मौत हो गई, जबकि एक बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, लोध पुरवा निवासी मजदूर गुड्डू शुक्रवार सुबह खेत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान उनका बेटा विराट (4) पड़ोसी अंकित की बेटी हिमानी (4) और साजन के बेटे गौरव (4) के साथ वहां पहुंचा। काम निपटाने के बाद गुड्डू बच्चों को लेकर घर के लिए निकले, लेकिन जैसे ही वह थोड़ी दूर बढ़े, तीनों मासूम खेलते-खेलते लोनी नदी की ओर चले गए और नहाने के लिए पानी में उतर गए।
नदी में तेज बहाव होने के कारण बच्चे गहरे पानी में बहने लगे। बच्चों को डूबता देख खेत में मौजूद केशन ने शोर मचाया और गुड्डू को बुलाया। गुड्डू और केशन ने हिम्मत दिखाते हुए नदी में छलांग लगाई और कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक हिमानी और गौरव की सांसें थम चुकी थीं। वहीं, विराट की हालत स्थिर बताई जा रही है।
हादसे की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। सूचना पाकर नायब तहसीलदार गुरप्रीत सिंह और इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों बच्चों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
प्रशासन ने इस दुखद घटना के बाद लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में बच्चों को नदी या तालाब के किनारे न जाने दें। हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
लखनऊ के गोसाईगंज में नदी में डूबे तीन बच्चे, दो की मौत