रिपोर्ट: हसीन अंसारी
गाजीपुर। जिले के दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के जलालाबाद गांव में शुक्रवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया। गांव के एक घर में रिश्ते में चाचा-भतीजी बताए जा रहे युवक और युवती लहूलुहान हालत में पड़े मिले। दोनों के गले पर धारदार हथियार से गहरे घाव थे। आनन-फानन में उन्हें गाजीपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां पहुंचने से पहले ही युवती ने दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद वाराणसी रेफर कर दिया गया है।
मृतका की पहचान जलालाबाद निवासी सुरेंद्र चौहान की पुत्री मधु के रूप में हुई है, जबकि घायल युवक का नाम सुनील बताया गया है। जानकारी के मुताबिक, सुनील मधु के पिता की मौसी का बेटा है। इस नाते दोनों आपस में चाचा-भतीजी के रिश्ते में आते हैं। शुक्रवार को दोनों घर के एक कमरे में खून से लथपथ मिले। घटना की जानकारी होते ही घर में अफरा-तफरी मच गई और परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल ले गए।
डॉक्टरों ने युवती को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवक की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और रिश्तों के बीच हुई इस वारदात को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
सूचना पर दुल्लहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। हत्या या आत्मघाती प्रयास, दोनों ही पहलुओं पर तफ्तीश की जा रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के आधार पर ही स्थिति स्पष्ट होगी।
गाजीपुर की इस चौंकाने वाली घटना ने इलाके में दहशत और सन्नाटा फैला दिया है। पुलिस का कहना है कि हर एंगल से मामले की पड़ताल की जा रही है ताकि सच सामने आ सके।
गाजीपुर: चाचा-भतीजी लहूलुहान हालत में मिले, युवती की मौत, युवक वाराणसी रेफर