अलीगढ़/लखनऊ। राजधानी लखनऊ में बुधवार दोपहर एक सनसनीखेज घटना हुई। अलीगढ़ के कोतवाली नगर भुजपुरा निवासी 48 वर्षीय योगेंद्र गोस्वामी ने समाजवादी पार्टी के गौतमपल्ली स्थित दफ्तर के बाहर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और पुलिस की मदद से उन्हें गंभीर अवस्था में सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
एसीपी हजरतगंज विकास जायसवाल ने बताया कि योगेंद्र अपने भाई गुड्डू और परिचित महिला सबा के साथ दोपहर करीब 3.30 बजे सपा दफ्तर पहुंचे थे। गुड्डू और सबा अंदर चले गए, जबकि योगेंद्र बाहर ही रुके रहे। इसी दौरान उन्होंने अचानक खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने पानी व कंबल डालकर आग बुझाई और पुलिसकर्मियों ने ई-रिक्शे से अस्पताल पहुंचाया।
घायल योगेंद्र ने पुलिस को बताया कि उनके मोहल्ले के तीन सगे भाई दानिश, वसीम और नाजिम, जो कथित रूप से सट्टेबाजी का काम करते हैं, ने कुछ दिन पहले उनसे 6 लाख रुपये उधार लिए थे। रकम वापस मांगने पर आरोपी उन्हें गालियां देते और परेशान कर रहे थे। कार्रवाई न होने से निराश होकर उन्होंने आत्मदाह का कदम उठाया।
अखिलेश यादव का बयान
घटना पर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा, “निर्मम भाजपा सरकार से हताश होकर एक युवा ने आत्मदाह के द्वारा सरकार को जगाने की कोशिश की है। यह बेहद दर्दनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार घायल युवक को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराए और उसे न्याय दिलाए।”
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

