Video: गाजीपुर में प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज, वीडियो वायरल
Ghazipur: सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें गाजीपुर के नोनहरा थाना परिसर में प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस को लाठीचार्ज करते देखा जा सकता है। यह घटना कथित तौर पर मंगलवार देर रात की है।
यह वीडियो गठिया गांव के निवासियों के विरोध प्रदर्शन के दौरान का बताया जा रहा है। प्रदर्शनकारी सड़क किनारे बिजली विभाग द्वारा लगाए गए एक बिजली के खंभे समेत कई अन्य मुद्दों का विरोध कर रहे थे। उनका आरोप था कि पुलिस की लापरवाही के कारण ही बिजली विभाग के अधिकारियों ने मनमानी की है।
वायरल वीडियो में दिख रहा है कि अंधेरे में पुलिसकर्मी प्रदर्शनकारियों पर लाठियां बरसा रहे हैं, जिससे अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच जाती है। लोग खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आ रहे हैं। प्रदर्शनकारी मौके पर पुलिस अधीक्षक को बुलाने की मांग पर भी अड़े थे।
इस मामले पर, ग्रामीण एएसपी अतुल सोनकर ने बताया कि वायरल वीडियो की जाँच की जा रही है और जाँच में सामने आए तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। हालाँकि, “अपना भारत टाइम्स” इस वायरल वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।