जोधपुर में ईवीएम खराब होने से नतीजे अटके, बीकानेर में कांग्रेस की वापसी
राजस्थान में नगर निगम और नगर परिषद चुनाव की मतगणना के दौरान अलग-अलग शहरों से लगातार परिणाम सामने आ रहे हैं। बीकानेर में कांग्रेस ने 10 साल बाद वापसी करते हुए बहुमत हासिल किया है, जबकि भीलवाड़ा और उदयपुर में भाजपा ने बढ़त बनाते हुए स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। भरतपुर में निर्दलीय प्रत्याशियों का दबदबा देखने को मिला है। वहीं जोधपुर में ईवीएम खराब होने के कारण वार्ड संख्या 50 का अंतिम परिणाम अटक गया है। बूंदी में दो निर्दलीय पार्षदों के भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी बहुमत के आंकड़े तक पहुंच गई है।
जोधपुर में ईवीएम खराब, परिणाम अटका:
जोधपुर नगर निगम चुनाव की मतगणना के दौरान वार्ड संख्या 50 की एक ईवीएम खराब हो गई। भाग संख्या 338 की इस ईवीएम से वोटों की गिनती नहीं हो सकी है। ईवीएम में कुल 717 वोट दर्ज हैं। मशीन में खराबी के कारण वार्ड संख्या 50 का अंतिम परिणाम फिलहाल अटक गया है। अब तक की स्थिति में कांग्रेस प्रत्याशी 57 मतों से आगे चल रहे हैं। ईवीएम को चालू कर मतगणना पूरी कराने के लिए इंजीनियरों की टीम प्रयास कर रही है। जोधपुर नगर निगम चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।
बीकानेर में कांग्रेस ने हासिल किया बहुमत:
बीकानेर नगर निगम चुनाव में कांग्रेस ने 10 साल बाद वापसी करते हुए 79 में से 42 वार्डों में जीत दर्ज कर पूर्ण बहुमत हासिल किया है। भाजपा को 25 वार्डों में जीत मिली, जबकि 11 निर्दलीय और एक रालोपा प्रत्याशी विजयी रहा। कांग्रेस के अनिल कल्ला ने भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक पारीक को हराया। वहीं पूर्व महापौर सुशीला कंवर राजपुरोहित को भी चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।
भीलवाड़ा में भाजपा को स्पष्ट बहुमत:
भीलवाड़ा में नगर निगम बनने के बाद पहली बार हुए चुनाव के सभी 70 वार्डों के परिणाम घोषित हो गए हैं। भाजपा ने 45 वार्डों में जीत दर्ज कर नगर निगम में स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। कांग्रेस को 10 वार्डों में जीत मिली, जबकि निर्दलीय प्रत्याशी 15 वार्डों में विजयी रहे। मतगणना के साथ ही भीलवाड़ा की नगर निगम की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई।
कोटा में भाजपा को बहुमत:
कोटा नगर निगम चुनाव की मतगणना के दौरान अब तक 90 वार्डों के नतीजे जारी किए जा चुके हैं। जारी परिणामों में भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच मुकाबले की स्थिति सामने आई है। भाजपा ने 57, कांग्रेस ने 39 और निर्दलीय प्रत्याशियों ने दो वार्डों में जीत दर्ज की है। दो अन्य वार्डों की मतगणना जारी है।
जयपुर की पूर्व मेयर ज्योति खंडेलवाल हारीं:
जयपुर की पूर्व मेयर ज्योति खंडेलवाल को कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता मेठी ने चुनाव में हरा दिया। सुनीता मेठी पिछली बार के पार्षद अरविंद मेठी की पत्नी हैं। चुनाव परिणाम में ज्योति खंडेलवाल एक भी बूथ पर बढ़त नहीं बना सकीं।
भरतपुर में निर्दलीयों का दबदबा:
भरतपुर नगर निगम चुनाव के सभी 65 वार्डों के परिणाम सामने आ गए हैं। यहां निर्दलीय प्रत्याशियों ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए 36 वार्डों में जीत दर्ज की है। भाजपा को 20 और कांग्रेस को सात वार्डों में जीत मिली। वहीं बसपा और आरएलपी को एक-एक वार्ड में जीत हासिल हुई। निर्दलीय प्रत्याशियों के बहुमत के कारण बोर्ड गठन में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण हो गई है।
बूंदी में भाजपा बहुमत के आंकड़े तक पहुंची:
बूंदी नगर परिषद में भाजपा ने अपने दम पर 29 वार्डों में जीत दर्ज की थी। इसके बाद वार्ड संख्या एक से निर्दलीय निर्वाचित प्रभात देवी और वार्ड संख्या तीन से विजयी निर्दलीय आत्माराम चौपदार भाजपा में शामिल हो गए। ओएसडी राजीव दत्ता की प्रेरणा से दोनों नवनिर्वाचित पार्षदों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा नेताओं ने दोनों पार्षदों का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। दोनों ने भाजपा की रीति-नीति में विश्वास जताया।
दोनों निर्दलीय पार्षदों के भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी का आंकड़ा 29 से बढ़कर 31 हो गया है। 60 सदस्यीय नगर परिषद में बहुमत के लिए 31 पार्षदों की जरूरत है। चुनाव में कांग्रेस के 20 और निर्दलीय 11 पार्षद विजयी हुए हैं। ऐसे में बूंदी नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनना लगभग तय माना जा रहा है।
उदयपुर में भाजपा ने फिर बनाई बढ़त:
उदयपुर नगर निगम के सभी 80 वार्डों के परिणाम सामने आ गए हैं। भाजपा ने 80 में से 53 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस को 23 सीटें मिली हैं। माकपा ने एक और निर्दलीय प्रत्याशियों ने तीन सीटों पर जीत दर्ज की है। परिणामों के बाद भाजपा लगातार सातवीं बार बोर्ड बनाती नजर आ रही है।
भीलवाड़ा में शुरुआती नतीजों से भाजपा उत्साहित:
भीलवाड़ा में नगर निगम बनने के बाद पहली बार हुए चुनाव की मतगणना के दौरान शुरुआती परिणामों ने भाजपा खेमे में उत्साह बढ़ाया। 70 वार्डों वाली नगर निगम की सत्ता के लिए हुए चुनाव में अब तक 34 वार्डों के परिणाम सामने आए थे। इनमें भाजपा ने 21, कांग्रेस ने चार और निर्दलीय प्रत्याशियों ने नौ वार्डों में जीत दर्ज की। पूर्व सभापति मंजू पोखरना और प्रतिपक्ष नेता समदूदेवी को भी हार का सामना करना पड़ा।
मतगणना के लिए दो कक्ष बनाए गए थे। एक कक्ष में वार्ड संख्या एक से 35 और दूसरे कक्ष में वार्ड संख्या 36 से 70 की मतगणना की गई। ईवीएम के परिणाम सामने आने के साथ ही चुनावी स्थिति भी स्पष्ट होती गई।
#Tag: #RajasthanElection #CivicElection #ElectionResults
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।