प्रयागराज (Prayagraj) में गुरुवार सुबह हिस्ट्रीशीटर सक्षम पंडा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात शहर के मुट्ठीगंज थाना क्षेत्र में हुई, जहां हमलावरों ने पहले फोन कर सक्षम को घर से बाहर बुलाया और बाद में ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी भोले पंजाबी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
फोन कर घर से बाहर बुलाया गया:
पुलिस के अनुसार 35 वर्षीय सक्षम पंडा को गुरुवार सुबह करीब 5 बजे फोन कर घर से लगभग 100 मीटर दूर बुलाया गया। वहां दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई। कुछ देर बाद सक्षम वापस अपने घर लौट आया और सीढ़ियों पर खड़ा था। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक वहां पहुंचे। पीछे बैठे युवक ने तमंचा निकालकर सक्षम पर फायर कर दिया।
भागते समय भी बरसाईं गोलियां:
पहली गोली लगते ही सक्षम जान बचाने के लिए गली की तरफ भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा किया। करीब 50 मीटर दूर जाकर दूसरी गोली मारी गई, जिससे वह गिर पड़ा। इसके बाद आरोपियों ने उस पर तीन और गोलियां चला दीं। गोलियों की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। घायल हालत में सक्षम को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात:
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि सक्षम अपने घर की सीढ़ियों पर खड़ा है। तभी स्कूटी से आए दोनों हमलावर उसके पास पहुंचते हैं और गोली चला देते हैं। गोली लगने के बाद सक्षम पहले घर की तरफ भागता है, फिर अचानक गली की ओर दौड़ पड़ता है। हमलावर लगातार उसका पीछा करते नजर आते हैं। बाद में एक आरोपी पैदल भागता दिखता है, जबकि दूसरा स्कूटी से निकल जाता है और फिर वापस आकर साथी को साथ लेकर फरार हो जाता है।
घाटों पर पूजा-पाठ कराता था सक्षम:
सक्षम पंडा मुट्ठीगंज क्षेत्र के मालवीय नगर का रहने वाला था और घाटों पर पूजा-पाठ कराने का काम करता था। परिवार के मुताबिक बुधवार रात उसने घरवालों के साथ खाना खाया था और फिर सोने चला गया। गुरुवार सुबह एक फोन आने के बाद वह घर से निकला था। कुछ ही देर बाद परिवार को उसकी हत्या की जानकारी मिली।
पुराने विवाद को लेकर हत्या की आशंका:
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी भोले पंजाबी ने बताया कि एक दिन पहले संगम क्षेत्र में उसकी पूजा-पाठ की गुमटी में आग लगा दी गई थी। उसने आरोप लगाया कि इस घटना में सक्षम शामिल था। इसी विवाद को लेकर दोनों के बीच तनाव चल रहा था। आरोपी के मुताबिक बातचीत के दौरान कहासुनी बढ़ी और गोली चल गई।
तीन महीने पहले भी हुआ था हमला:
परिजनों ने बताया कि 12 मार्च को भी सक्षम पंडा पर फायरिंग हुई थी। उस घटना में सक्षम और उसका साथी रवि पांडा घायल हुए थे। मामले में विमल पांडा और भोले पंजाबी समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने उस समय भोले पंजाबी को गिरफ्तार कर जेल भेजा था, लेकिन बाद में वह जमानत पर बाहर आ गया था।
आगजनी का वीडियो भी आया सामने:
घटना से पहले घाट पर गुमटी में आग लगाने का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में आग की तेज लपटें और जले हुए बही-खाते दिखाई दे रहे हैं। घाटों पर पंडा समाज इन बही-खातों में तीर्थयात्रियों का रिकॉर्ड रखता है। एक महिला ने आरोप लगाया कि आगजनी की शिकायत पुलिस से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा:
डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि इस मामले में छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। इनमें भोले पंजाबी, विमल पांडा, शुभि और अन्य आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने भोले पंजाबी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
दोनों पक्षों पर दर्ज हैं मुकदमे:
पुलिस के अनुसार आरोपी विमल पांडा पर करीब 10 मुकदमे दर्ज हैं और वह हत्या के प्रयास के एक मामले में फरार चल रहा था। वहीं मृतक सक्षम पंडा के खिलाफ भी आर्म्स एक्ट और हत्या समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज थे।
#Prayagraj #CrimeNews #CCTV #HistorySheeter #UPPolice
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।







