प्रयागराज में युवक को मारी गोली, पेट में लगी:घर के बाहर खड़ा था, मोहल्ले के 2 युवकों ने फायरिंग की; इलाज में देरी पर हंगामा
प्रयागराज के खुल्दाबाद इलाके में शुक्रवार देर रात बाइक सवार दो हमलावरों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली युवक के पेट में बाईं ओर लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के समय युवक अपने घर के पास मौजूद था। आरोप है कि बाइक सवार युवकों ने पहले उसके साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर फायरिंग कर दी। घायल को तत्काल कॉल्विन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज में देरी का आरोप लगाते हुए उसके साथ आए लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। मामले में दो लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे की तलाश की जा रही है। घटना खुल्दाबाद सब्जी मंडी के पास की है।
घर के पास युवक से की गाली-गलौज, फिर चलाई गोली:
पुलिस के मुताबिक, घटना शुक्रवार देर रात करीब 2:30 बजे की है। शिवम अपने घर के पास मौजूद था। इसी दौरान बाइक से दो युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने शिवम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उसने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और एक युवक ने असलहे से उस पर गोली चला दी।
गोली शिवम के पेट में बाईं ओर लगी। फायरिंग होते ही वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद घायल युवक को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
कॉल्विन अस्पताल में इलाज में देरी पर हंगामा:
घटना के बाद शिवम के परिचित उसे लेकर कॉल्विन अस्पताल पहुंचे। वहां इलाज में देरी होने का आरोप लगाते हुए साथ आए लोगों ने नाराजगी जताई और हंगामा शुरू कर दिया। अस्पताल परिसर में शोर-शराबे की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए हंगामा कर रहे लोगों को समझाया और शांत कराया। इसके बाद घायल युवक का उपचार शुरू कराया गया। फिलहाल शिवम का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दो लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज:
फायरिंग की घटना के बाद घायल पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें एक आरोपी का नाम राजेश बताया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस की ओर से फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। मामले में दोनों पक्षों के बीच पहले से परिचित होने की बात भी सामने आई है।
पुरानी जान-पहचान के बावजूद विवाद की वजह स्पष्ट नहीं:
खुल्दाबाद थाना प्रभारी केशव वर्मा ने बताया कि घायल युवक और हमलावर पक्ष के लोग एक-दूसरे को पहले से जानते हैं। हालांकि, उनके बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ और मामला फायरिंग तक कैसे पहुंचा, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
थाना प्रभारी के मुताबिक, एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और दूसरे की तलाश जारी है। घायल युवक का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
#Tags: #Prayagraj #Khuldabad #Firing #CrimeNews #UPPolice
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।