लोहिया संस्थान का स्थापना दिवस: डॉक्टरों का हुआ सम्मान, विस्तार की बड़ी घोषणा

रिपोर्ट: सऊद अंसारी

Lucknow: राजधानी में शनिवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान का पांचवां स्थापना दिवस पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मनाया गया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित इस समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह और प्रमुख सचिव स्वास्थ्य पार्थ सारथी सेन शर्मा सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समारोह की शुरुआत संस्थान के इतिहास और उपलब्धियों को याद करते हुए की। उन्होंने कहा कि लोहिया संस्थान ने पिछले कुछ वर्षों में चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। सीएम योगी ने संस्थान में कार्यरत उन डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित किया, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी उत्कृष्ट कार्य कर मरीजों की जान बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इस मौके पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने संस्थान के विस्तार की योजना की घोषणा कर सबका ध्यान खींचा। उन्होंने बताया कि संस्थान को और आधुनिक बनाने तथा अधिक मरीजों को सुविधा देने के लिए दूरदर्शन से बातचीत की जा रही है। यदि संस्थान के पास स्थित जमीन उपलब्ध हो जाती है, तो यहां का विस्तार तेजी से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के मरीजों को इलाज के लिए राजधानी से बाहर न जाना पड़े।

स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह और प्रमुख सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने भी लोहिया संस्थान के प्रयासों और योगदान की सराहना की। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि आने वाले वर्षों में यह संस्थान न सिर्फ उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे उत्तर भारत में चिकित्सा सेवाओं का बड़ा केंद्र बनेगा।

स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित यह समारोह केवल उत्सव भर नहीं रहा, बल्कि इसमें संस्थान के भविष्य की दिशा और स्वास्थ्य सेवाओं में नए आयाम जोड़ने की योजनाओं का स्पष्ट संकेत भी दिखाई दिया।

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading