रिपोर्ट: सऊद अंसारी
Lucknow: राजधानी के फैजाबाद रोड स्थित मटियारी पुल पर शनिवार तड़के ऐसा हादसा हुआ जिसने लोगों को दहला दिया। डाला चालक सुनील को अचानक नींद आ गई और गाड़ी अनियंत्रित होकर सीधे पुल की रेलिंग से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और चालक उसमें बुरी तरह फंस गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े, मगर गाड़ी की हालत देखकर साफ हो गया कि बिना मशीनों के चालक को निकालना नामुमकिन है। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंची और करीब एक घंटे तक चले मुश्किल रेस्क्यू के बाद सुनील को लोहे के ढांचे से बाहर निकाला गया।
गंभीर रूप से घायल चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक, समय पर बचाव अभियान चलने से उसकी जान बचने की उम्मीद है। यह हादसा चेतावनी है कि सड़क पर एक पल की झपकी जिंदगी और मौत के बीच फासला बना सकती है।
नींद या मौत? लखनऊ में पुल पर डाला टकराया, चालक की सांसें अटकीं

