Video:गाजीपुर पुलिस की कार्रवाई, दुष्कर्म आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
गाजीपुर के करंडा थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी की पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। बड़सरा इलाके में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया। घायल आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान तस्लीम अंसारी के रूप में हुई है, जो नाबालिग बालिका से दुष्कर्म और गर्भपात कराने के मामले में वांछित चल रहा था।
करंडा क्षेत्र में हुई मुठभेड़:
जानकारी के अनुसार करंडा थाना क्षेत्र में पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि दुष्कर्म के मामले में फरार आरोपी बाइक से मैनपुर-गोसंदेपुर मार्ग की तरफ आने वाला है। सूचना के आधार पर बड़सरा और खिजिरपुर चौकी पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान बाइक से आ रहे आरोपी को पुलिस ने दोनों तरफ से घेर लिया।
पुलिस पर की फायरिंग:
पुलिस के अनुसार खुद को घिरा देख आरोपी तस्लीम अंसारी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। पुलिस ने तत्काल उसे कब्जे में लेकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप:
पुलिस के मुताबिक आरोपी पर 13 वर्षीय बालिका से दुष्कर्म करने का आरोप है। बताया गया कि घटना के बाद बालिका गर्भवती हो गई थी। आरोप है कि आरोपी ने गर्भपात कराने के लिए बालिका को दवा भी खिलाई। दवा खाने के बाद अत्यधिक रक्तस्राव होने पर परिजनों को मामले की जानकारी हुई।
परिजनों की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा:
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने करंडा थाना में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। कई स्थानों पर दबिश के बाद पुलिस को आरोपी की लोकेशन की जानकारी मिली, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई।
तमंचा और बाइक बरामद:
घायल आरोपी के पास से पुलिस ने एक तमंचा, कारतूस और उसकी बाइक बरामद की है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
#Ghazipur #Karanda #PoliceEncounter #CrimeNews #UttarPradesh
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।
गाज़ीपुर ब्यूरो: हसीन अंसारी