लखनऊ में लगा नया पोस्टर, बुलडोजर संग योगी का संदेश
Lucknow: लखनऊ में एक बार फिर पोस्टर वार छिड़ गया है। भाजपा युवा मोर्चा लखनऊ के महासचिव अमित त्रिपाठी द्वारा लगाए गए पोस्टर ने शहर में चर्चा का माहौल बना दिया। जहां एक ओर “आई लव मोहम्मद” के पोस्टर कई जगह लगाए गए थे, वहीं उसके जवाब में समता मूलक चौराहा और राजभवन चौराहे पर नए पोस्टर नजर आए।
अमित त्रिपाठी का पोस्टर बना सुर्खियों का केंद्र
अमित त्रिपाठी द्वारा लगाए गए इन पोस्टरों में लिखा गया है – “आई लव योगी आदित्यनाथ, आई लव बुलडोजर”। इस पोस्टर में एक तरफ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर है, तो दूसरी तरफ बुलडोजर की फोटो लगाई गई है। पोस्टर का यह अंदाज सीधा संदेश देता है कि सरकार कानून व्यवस्था और बुलडोजर कार्रवाई की प्रतीक बन चुकी है।
“आई लव मोहम्मद” पोस्टर का जवाब
हाल ही में लगाए गए “आई लव मोहम्मद” पोस्टरों ने लखनऊ समेत कई जिलों में विवाद खड़ा किया था। इस पर प्रशासन ने भी निगरानी बढ़ाई और पोस्टरों की जांच करवाई। उसी घटनाक्रम के बीच भाजपा युवा मोर्चा के महासचिव अमित त्रिपाठी का यह पोस्टर सामने आया है, जिसे लोगों के बीच आई लव मोहम्मद के पोस्टरों का सीधा जवाब माना जा रहा है।
पोस्टर वार से गरमाया माहौल
समता मूलक चौराहा और राजभवन चौराहे पर लगाए गए इन पोस्टरों को देखने के लिए राहगीरों की भीड़ जुटने लगी। लोग तस्वीरें खींचते और चर्चा करते नजर आए। सोशल मीडिया पर भी इस पोस्टर की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं। राजनीतिक हलकों में इसे लेकर बहस छिड़ गई है कि क्या यह आने वाले समय में बड़े विवाद का कारण बन सकता है।
बुलडोजर की तस्वीर का खास संदेश
पोस्टर में बुलडोजर की तस्वीर लगाना अपने आप में प्रतीकात्मक है। योगी आदित्यनाथ की सरकार बुलडोजर नीति के लिए जानी जाती है, और इसी कारण इसे प्रशासनिक सख्ती का प्रतीक माना जाता है। पोस्टर के जरिए साफ संदेश दिया गया है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर सरकार का रवैया नरम नहीं होगा।