गाजीपुर में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। जहां प्रेमी से शादी करने पर अड़ी बेटी की पिता ने गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस आरोपी पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पूछताछ में पिता ने कबूल किया कि कई बार समझाने के बाद भी बेटी प्रेमी से शादी करने पर अड़ी थी। इससे क्षुब्ध होकर वारदात को अंजाम देना पड़ा। घटना जिले के रेवतीपुर थाना क्षेत्र के तिलवा गांव की है।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस की पूछताछ में पिता ने बताया कि उसकी बेटी का गांव के एक युवक से 4 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। फौज में तैनात युवक शादीशुदा था। कई बार उसने समझाने का प्रयास किया लेकिन, वो नहीं मानी। बेटी युवक से शादी करने पर अड़ी थी। इसलिए उसको ऐसा करना पड़ा।
प्रेमी के साथ वाराणसी में बिताए 5 दिन
पिता ने बताया कि बेटी शादीशुदा प्रेमी से विवाह करने का परिवार पर दबाव बना रही थी। वो पांच दिन तक वाराणसी में अपने प्रेमी के साथ थी। युवक शुक्रवार को उसे घर छोड़ गया था। मामले में वीडियो भी सामने आने की बात हो रही है।
परिवार के लोग गए थे ननिहाल
पिता ने बताया कि, परिवार के सभी सदस्य ननिहाल गए थे। इस बीच बेटी को अकेला पाकर पिता ने उसी के टुपट्टे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद पिता ने शव को ठिकाने लगाने की फिराक में था लेकिन, उससे पहले ही पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।
एसपी बोले-पिता ने कबूल किया गुनाह
घटना की सूचना मिलते ही एसपी डॉ. ओमप्रकाश सिंह अपनी टीम लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर पिता को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान पिता ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। एसपी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एनसीआरबी का आखिरी बार 2016 में जारी ऑनर किलिंग का आंकड़ा इस देश की एक भयावह तस्वीर दिखाता है. 2016 में देश भर में ऑनर किलिंग के 77 मामले दर्ज किए गए. उसके एक साल पहले 2015 में ऑनर के नाम पर 251 लोगों की हत्या हुई. ऑनर किलिंग के मामले में उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा सबसे आगे हैं.
ये तो हुई सरकारी आंकड़ों की बात, जो कि पिछले 4 सालों से आया ही नहीं है. गैर सरकारी आंकड़े तो कुछ और ही कह रहे हैं. एक गैर सरकारी संगठन ‘ऑनर बेस्ट वॉयलेंस अवेयरनेस नेटवर्क’ के आंकड़े कहते हैं कि भारत में हर साल 1000 ऑनर किलिंग की घटनाएं होती हैं, जिसमें से 900 अकेले उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में होती हैं.
दक्षिण भारत में काम कर रहे एक एनजीओ ‘एविडेंस’ की रिपोर्ट कहती है कि अकेले तमिलनाडु में 2019 में ऑनर किलिंग की 195 घटनाएं हुईं, जिसमें से एक भी एनसीआरबी के आंकड़े में दर्ज नहीं है.




