आतंकी बोला- सरेंडर नहीं करूंगा, अल्लाह से मिलना है, जवानों पर हमला करने वाला लश्कर कमांडर मस्जिद में छिपा था, सुरक्षाबलों ने मार गिराया
जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी और कमांडर लतीफ भट को बुधवार को मुठभेड़ में मार गिराया। वह सुरक्षाबलों से बचने के लिए एक मस्जिद के अंदर छिपा हुआ था। मुठभेड़ से पहले जवानों ने उसे वीडियो कॉल के जरिए आत्मसमर्पण करने का मौका भी दिया, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया। पुलिस अधिकारी ने उसे समझाते हुए कहा कि अभी उसकी जिंदगी बाकी है और सुरक्षाबल उसके साथ हैं। इस पर लतीफ ने जवाब दिया कि उसे अल्लाह से मुलाकात करनी है और वह आत्मसमर्पण नहीं करेगा।
वीडियो कॉल पर भी सरेंडर करने से किया इनकार:
मुठभेड़ से पहले सुरक्षाबलों ने लतीफ भट से वीडियो कॉल के माध्यम से संपर्क किया था। इस दौरान पुलिस अधिकारी ने उसे हथियार डालकर आत्मसमर्पण करने के लिए समझाया। अधिकारी ने कहा, ‘हम तुम्हारे साथ हैं, जिंदगी अभी बाकी है।’ हालांकि, लतीफ अपने फैसले पर अड़ा रहा। उसने जवाब दिया, ‘मुझे अल्लाह से मुलाकात करना है। बहुत खुश हूं मैं। सरेंडर नहीं करूंगा।’ इसके बाद सुरक्षाबलों ने कार्रवाई करते हुए उसे मुठभेड़ में मार गिराया।
दो दिन से सुरक्षाबल कर रहे थे तलाश:
सुरक्षाबलों के मुताबिक, लतीफ भट ने उमर निसार डार के साथ 11 नवंबर को नौपोरा अखरान में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की चौकी पर गोलीबारी की थी। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए थे। घटना के बाद दोनों आतंकी फरार हो गए थे और सुरक्षाबल उनकी तलाश में जुटे थे।
16 नवंबर को अखरान के लारू इलाके में पुलिस ने दोनों को घेर लिया था। इस दौरान हुई गोलीबारी में उमर निसार डार मारा गया, जबकि लतीफ वहां से भागने में सफल रहा। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी थी। इसके बाद सुरक्षाबलों ने आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान तेज कर दिया था।
दो दिन बाद जानकारी मिली कि लतीफ देवसर इलाके के जांगलपोरा गांव की एक मस्जिद में छिपा हुआ है। इसके बाद सुरक्षाबलों ने उसे घेर लिया और बुधवार को मुठभेड़ में मार गिराया।
लतीफ भट पर घोषित था 15 लाख रुपये का इनाम:
22 वर्षीय लतीफ भट पर पुलिस ने 15 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। जानकारी के मुताबिक, वह वर्ष 2025 की शुरुआत में अपने घर से लापता हो गया था। इसके बाद उसके परिवार ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। बाद में पाकिस्तान में बैठे ऑपरेटिव सज्जाद गुल ने उसे लश्कर-ए-तैयबा और उसके सहयोगी नेटवर्क द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) में भर्ती किया था।
लतीफ ने अशमुजी के सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से 12वीं तक की पढ़ाई की थी। इसके बाद उसने कुछ समय तक कुलगाम के सरकारी डिग्री कॉलेज में अध्ययन किया। पढ़ाई छोड़ने के बाद वह बढ़ई का काम करने लगा था। बताया गया है कि उमर निसार डार ने उसे छह महीने तक पनाह दी थी। दोनों ने हमले को अंजाम देने से पहले कई इलाकों की रेकी भी की थी।
छह महीने में लश्कर के चार कमांडर ढेर:
पिछले छह महीनों के दौरान जम्मू-कश्मीर में लश्कर-ए-तैयबा के चार कमांडर मारे जा चुके हैं। इनमें लतीफ भट के अलावा जाकिर अहमद गनई, यासिर और मूसा उर्फ आसिफ फौजी के नाम शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, जाकिर अहमद गनई को 8 जुलाई 2026 को शोपियां में मार गिराया गया था। वहीं, यासिर 4 सितंबर को ऑपरेशन असधर के दौरान मारा गया। इसके अलावा मूसा उर्फ आसिफ फौजी 30 सितंबर को बडगाम में ऑपरेशन शेरुवाली के दौरान मारा गया था। अब लतीफ भट के मारे जाने के साथ ही पिछले छह महीनों में मारे गए लश्कर कमांडरों की संख्या चार हो गई है।
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।
#Tags: #JammuKashmir #LashkarETaiba #LatifBhat #Encounter #SecurityForces