सुपारी किलर वाहिद अंसारी ढेर, अंबेडकरनगर में हुआ एनकाउंटर
उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में कथित सुपारी किलर वाहिद अंसारी (35) की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, वाहिद पूर्वांचल में हथियारों की तस्करी से जुड़ा था और पैसे लेकर हत्याएं करता था। मंगलवार देर रात पुलिस को उसके अकबरपुर क्षेत्र में छिपे होने और भागने की तैयारी करने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान बाइक सवार संदिग्धों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वाहिद को सीने और पैर में चार गोलियां लगीं। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। वहीं, पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली लगी, जिससे वह बाल-बाल बच गईं। घटना रात करीब 12 बजे जिला मुख्यालय से लगभग सात किलोमीटर दूर अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में शिव बाबा मंदिर के पास हुई।
बैरियर पार करते समय पुलिस पर की फायरिंग:
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह के मुताबिक, 17 नवंबर को क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। अकबरपुर थाना क्षेत्र के शिव बाबा धाम के पास पुलिस ने बैरियर लगाकर वाहनों की जांच शुरू की थी। एसपी भी एसओजी टीम के साथ मौके पर मौजूद थीं। इसी दौरान रात करीब 12 बजे एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध तेज रफ्तार से बैरियर पार करने की कोशिश करने लगे।
पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से थाना प्रभारी घायल हो गए। इसके बाद दोनों संदिग्ध फायरिंग करते हुए भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान एक बदमाश भागने में सफल रहा, जबकि दूसरा गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित:
पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। हालांकि, जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गाजीपुर के बहरियाबाद निवासी अबूबकर के बेटे वाहिद अंसारी के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, सीसीटीएनएस में आपराधिक रिकॉर्ड की जांच करने पर उसके खिलाफ लूट, हत्या, डकैती, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कुल 35 मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली। वह गोरखपुर के कैंट थाने में दर्ज एक मामले में भी वांछित था।
बिल्लू इंदौरिया गैंग से जुड़ा था वाहिद:
पुलिस के मुताबिक, वाहिद अंसारी बिल्लू इंदौरिया गैंग का सक्रिय सदस्य था। उसे पूर्वांचल में हथियारों की आपूर्ति करने वाले लोगों में शामिल बताया गया है। पुलिस का दावा है कि वह सुपारी लेकर हत्या जैसी वारदातों को अंजाम देता था। उसके खिलाफ दर्ज 35 मुकदमों में कई गंभीर आपराधिक मामले शामिल हैं।
लव मैरिज के बाद सुल्तानपुर में रहने लगा था:
पुलिस के अनुसार, वाहिद काफी समय पहले गाजीपुर से सुल्तानपुर चला गया था। वहां उसने प्रेम विवाह किया था और इसके बाद वहीं रहकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। पुलिस उसकी गतिविधियों और आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटा रही थी।
असलहा तस्करी के मामले में गोरखपुर पुलिस को थी तलाश:
गोरखपुर कैंट थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह के मुताबिक, असलहा तस्करी के मामले में बिट्टू इंदौरी की हाल ही में गिरफ्तारी हुई थी। उससे पूछताछ के दौरान गाजीपुर निवासी वाहिद अंसारी का नाम भी सामने आया था। इसके बाद उसे भी संबंधित मुकदमे में अभियुक्त बनाया गया था। गोरखपुर पुलिस की टीम उसकी तलाश में जुटी थी।
यूपी में आठ साल में 266 अपराधी मुठभेड़ में मारे गए:
राज्य सरकार के आंकड़ों के अनुसार, मार्च 2017 से अक्टूबर 2025 तक उत्तर प्रदेश पुलिस ने मुठभेड़ों में 266 अपराधियों को मार गिराया। इस अवधि में 16 हजार से अधिक पुलिस मुठभेड़ हुईं। इनमें 31 हजार से ज्यादा अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 10 हजार से अधिक अपराधियों को गोली लगी।
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।
#Tags: #AmbedkarNagar #WahidAnsari #UPPolice #PoliceEncounter #UttarPradesh