लखनऊ: केजीएमयू में जूनियर डॉक्टरों से ‘प्रणाम महोदय जी’ कहलवाने का वीडियो वायरल, रैगिंग के आरोपों पर उठे सवाल
लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) परिसर में रैगिंग रोकने के लिए सख्ती बरतने के संस्थान प्रशासन के दावों पर एक वायरल वीडियो ने सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार को सामने आए इस वीडियो में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राएं कलाम सेंटर के सामने कतार में गर्दन झुकाकर खड़े दिखाई दे रहे हैं। वीडियो दोपहर करीब डेढ़ बजे का बताया जा रहा है। आरोप है कि वहां से गुजरने वाले सीनियर छात्रों को देखकर जूनियर तेज आवाज में ‘प्रणाम महोदय जी’ बोल रहे थे, जबकि छात्राएं सीनियर छात्राओं को देखकर ‘प्रणाम मैडम जी’ कह रही थीं। इस दौरान परिसर में सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे। वीडियो सामने आने के बाद जूनियर छात्र-छात्राओं के साथ कथित व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
कलाम सेंटर के सामने कतार में खड़े दिखे जूनियर:
वायरल वीडियो में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राएं कलाम सेंटर के सामने अलग-अलग कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं। सभी ने अपनी गर्दन झुका रखी है। जैसे ही कोई सीनियर छात्र उनके सामने से गुजरता है, कतार में खड़े जूनियर एक साथ तेज आवाज में ‘प्रणाम महोदय जी’ बोलते दिखाई देते हैं। इसी तरह छात्राओं की कतार में मौजूद जूनियर छात्राएं भी सीनियर छात्राओं को देखकर ‘प्रणाम मैडम जी’ कहती नजर आ रही हैं।
वीडियो में कुछ सीनियर छात्र कतार के पास से गुजरते हुए जूनियरों को डपटते और हिदायत देते भी दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान जूनियर छात्र-छात्राओं के चेहरों पर घबराहट नजर आती है। बताया जा रहा है कि नए छात्र-छात्राओं को समूह में इसी तरह खड़ा किया जाता है और सीनियरों के सामने अभिवादन करने का दबाव बनाया जाता है।
विरोध करने पर फटकार और डराने का आरोप:
जूनियर छात्र-छात्राओं को लेकर आरोप है कि सीनियरों के गुजरने पर उन्हें अनिवार्य रूप से अभिवादन करना पड़ता है। ऐसा नहीं करने या विरोध जताने पर उन्हें फटकार लगाई जाती है और डराया जाता है। नए विद्यार्थियों के मन में यह डर भी है कि यदि उन्होंने किसी सीनियर के खिलाफ शिकायत की तो उन्हें आगे और परेशान किया जा सकता है।
इसी आशंका के चलते जूनियर छात्र-छात्राएं खुलकर अपनी बात रखने और शिकायत करने से कतरा रहे हैं। हालांकि, वायरल वीडियो और सामने आए आरोपों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक जांच की स्थिति स्पष्ट नहीं है।
सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी में भी घटना के आरोप:
वीडियो में कलाम सेंटर के आसपास सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी भी दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के साथ सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद जूनियर छात्र-छात्राओं के साथ इस तरह का व्यवहार किए जाने के आरोप सामने आए हैं।
इस मामले में सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से घटनाक्रम की पड़ताल की जा सकती है। सवाल यह भी उठ रहा है कि यदि परिसर में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती थी, तो उनकी मौजूदगी में जूनियरों को कतार में खड़ा कर अभिवादन कराने की स्थिति कैसे बनी। हालांकि, इस संबंध में संस्थान प्रशासन की ओर से किसी कार्रवाई की पुष्टि नहीं की गई है।
शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई करेगा प्रशासन:
केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने इस मामले में कहा कि वीडियो में जूनियर डॉक्टर अपने वरिष्ठों को प्रणाम करते दिखाई दे रहे हैं, जो सम्मान का हिस्सा है। उन्होंने बताया कि संस्थान प्रशासन को अभी तक रैगिंग से संबंधित कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
प्रवक्ता के मुताबिक, यदि इस संबंध में शिकायत मिलती है तो मामले की जांच कराई जाएगी और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो के बाद केजीएमयू में रैगिंग रोकने के लिए किए जा रहे इंतजामों और जूनियर छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
#Tags: #KGMU #LucknowNews #Ragging #MedicalCollege #KGMUVideo #UPNews
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।