हत्या की, फिर लाश से 5 बार रेप किया:मैक्सी में देख नीयत खराब हो गई थी; कन्नौज में पति-पत्नी को मारने वाले का कबूलनामा
उत्तर प्रदेश के कन्नौज में पति-पत्नी की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी पर महिला की हत्या के बाद उसके शव के साथ दुष्कर्म करने का भी आरोप है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में वारदात को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। रविवार (15 नवंबर) को पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें उसके दोनों पैरों में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वारदात 4 नवंबर की रात गुरसहायगंज थाना क्षेत्र में हुई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी इससे पहले भी मां-बेटी की हत्या के मामले में जेल जा चुका है।
पहले समझिए क्या है पूरा मामला:
5 नवंबर की सुबह पुराने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) परिसर में बने एक आवास में पति-पत्नी के शव मिले थे। घर में मौजूद उनकी दो साल की बच्ची अपने पिता के शव के पास बैठकर रो रही थी। एक रिश्तेदार के घर पहुंचने पर इस दोहरे हत्याकांड की जानकारी सामने आई। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जिसकी पहचान तालग्राम क्षेत्र के भोजापुर गांव निवासी योगेश सिंह राजपूत उर्फ पंगा (25) के रूप में हुई।
पुराने पीएचसी परिसर में रहता था परिवार:
यह मामला जीटी रोड स्थित कस्बा पुलिस चौकी के पास बने पुराने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर का है। अस्पताल की बाउंड्री और पुलिस चौकी की दीवार एक-दूसरे से सटी हुई हैं। परिसर में तीन से चार जर्जर मकान बने हुए हैं। इन्हीं में से एक आवास में 36 वर्षीय युवक अपनी 32 वर्षीय पत्नी, सात साल के बेटे और दो साल की बेटी के साथ रहता था। युवक रेलवे स्टेशन पर टिकट वेंडिंग मशीन के संचालन से जुड़ा काम करता था।
पहले इसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में युवक की मां तैनात थीं। उनकी मृत्यु के बाद जरूरत पड़ने पर युवक की पत्नी अस्पताल के कामकाज में सहयोग करती थी। भवन जर्जर होने के कारण करीब तीन साल पहले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को तिर्वा रोड पर स्थानांतरित कर दिया गया था। इसके बावजूद परिवार पुराने परिसर में बने आवास में रह रहा था।
आरोपी ने महिला को छिपकर देखने की बात कबूली:
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान योगेश ने बताया कि वह कुछ समय पहले ही जेल से बाहर आया था और गुरसहायगंज कस्बे में रह रहा था। वह अक्सर रेलवे स्टेशन और पुराने अस्पताल परिसर के आसपास घूमता रहता था। इसी दौरान एक दिन उसने महिला को मैक्सी पहनकर झाड़ू लगाते हुए देखा। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसी दिन से उसकी नीयत खराब हो गई थी। इसके बाद वह बार-बार महिला के घर के आसपास पहुंचने लगा और छिपकर उसे देखने लगा।
घर में घुसकर पति पर किया हमला:
आरोपी के कबूलनामे के अनुसार, 4 नवंबर को वह दो से तीन बार महिला के घर पहुंचा, लेकिन उस समय मकान पर ताला लगा हुआ था। वह आसपास घूमता रहा। कुछ देर बाद महिला अपने पति के साथ घर पहुंची। इसके बाद आरोपी ने उनके सोने का इंतजार किया।
उसने बताया कि रात में छत पर पहुंचकर वहां लगी पन्नी और तिरपाल को काटा और दीवार के सहारे घर के अंदर दाखिल हो गया। उसके पास एक डंडा भी था। घर के अंदर पति-पत्नी अलग-अलग बिस्तरों पर सो रहे थे। इसी दौरान आहट सुनकर पति की नींद खुल गई। आरोपी ने डंडे से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
महिला और बच्ची पर भी किया हमला:
पुलिस के अनुसार, पति पर हमले की आवाज सुनकर महिला जाग गई। आरोपी ने उसे शांत रहने के लिए कहा, लेकिन महिला ने फोन करने की कोशिश की। इस पर आरोपी ने उसका मोबाइल छीनकर कॉल काट दी। इसके बाद उसके दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
इस दौरान पिता के साथ सो रही दो साल की बच्ची रोने लगी। आरोपी ने उसे भी उठाकर पटक दिया। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद आरोपी ने महिला के शव के साथ दुष्कर्म किया। पूछताछ में उसने शव के साथ कई बार संबंध बनाने की बात स्वीकार की है।
वारदात के बाद नकदी और एटीएम कार्ड लेकर भागा:
आरोपी ने बताया कि घर से निकलते समय उसने पर्स में रखे पांच हजार रुपये और एटीएम कार्ड निकाल लिए। इसके बाद वह जीटी रोड की तरफ से बाहर निकला और रेलवे पटरी की ओर चला गया। उसने पहले से ही झाड़ियों में अपने कपड़े छिपाकर रखे थे। खून से सने कपड़े और वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा उसने एक खंडहर में फेंक दिया। इसके बाद कपड़े बदलकर वहां से निकल गया।
पहले भी मां-बेटी की हत्या के मामले में जा चुका है जेल:
पुलिस जांच में सामने आया कि योगेश पर इससे पहले भी हत्या का गंभीर मामला दर्ज हो चुका है। भोजापुर गांव में 29 नवंबर 2022 को उसने मां-बेटी की हत्या की थी। उस मामले में भी आरोपी घर में युवती के साथ दुष्कर्म करने के इरादे से घुसा था। शोर सुनकर युवती की मां भगवान श्री (50) जाग गई थीं और विरोध करने लगी थीं। इसके बाद आरोपी ने दोनों की हत्या कर दी थी।
इस मामले में पुलिस ने 2 दिसंबर 2022 को योगेश को गिरफ्तार किया था। तब से वह जेल में बंद था और करीब एक महीने पहले ही जेल से बाहर आया था।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार:
पुलिस के अनुसार, रविवार (15 नवंबर) को आरोपी के साथ मुठभेड़ हुई, जिसमें उसके दोनों पैरों में गोली लगी। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर खून से सने कपड़े और वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा बरामद करने की बात कही है।
एसपी विनोद कुमार ने बताया कि कोतवाली प्रभारी ध्यानेंद्र प्रताप सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद डिस्चार्ज कराकर उसे घटनास्थल पर ले जाया गया, जहां से बरामदगी की कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
#Tags: #KannaujNews #DoubleMurder #UttarPradeshPolice #CrimeNews #KannaujPolice
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।