उत्तराखंड- 2 सड़क हादसों में 14 की मौत:हाईवे पर बस नदी में गिरी, 10 की मौत; बोलेरो खाई में गिरी, 4 शव मिले
उत्तराखंड में मंगलवार सुबह दो अलग-अलग सड़क हादसों में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 लोग घायल हो गए। पहला हादसा टिहरी जिले में ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूलर के पास हुआ, जहां यात्रियों से भरी बस करीब 60 से 100 मीटर गहरी खाई में गिरकर नदी में जा पहुंची। इस दुर्घटना में 10 लोगों की मौत हो गई और 24 लोग घायल हुए हैं। वहीं, दूसरा हादसा रुद्रप्रयाग जिले की क्यूंजा घाटी में हुआ, जहां शादी समारोह से लौट रही बारातियों की बोलेरो गाड़ी खाई में गिर गई। इसमें चार लोगों की जान चली गई, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। दोनों हादसों के बाद राहत और बचाव कार्य चलाया गया।
गूलर में खाई में गिरी यात्रियों से भरी बस:
टिहरी जिले के गूलर के पास मंगलवार सुबह करीब 5:15 बजे यह दर्दनाक हादसा हुआ। ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जा रही यात्रियों से भरी बस अचानक सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गई। बस करीब 60 से 100 मीटर नीचे नदी तक जा पहुंची। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया।
चालक की तेज रफ्तार को यात्रियों ने बताया हादसे की वजह:
बस में सवार यात्रियों के मुताबिक, चालक काफी तेज रफ्तार से बस चला रहा था। यात्रियों ने उसे दो से तीन बार वाहन की गति कम करने के लिए कहा था, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी। घायल यात्री पंकज ने बताया कि बस तेज गति से चल रही थी और रास्ते में लगातार उछल रही थी। यात्रियों ने चालक को सावधानी से वाहन चलाने के लिए टोका था।
एक अन्य घायल यात्री ने बताया कि वह श्रीनगर जा रहा था और चालक के पीछे वाली सीट पर बैठा था। सुबह करीब पांच से 5:15 बजे के बीच उसे नींद आ गई। जब उसकी आंख खुली तो वह नीचे गिरा हुआ था। इसके बाद उसे हादसे की जानकारी हुई। पंकज के मुताबिक, चालक को हल्की झपकी आने के बाद क्या हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।
एम्स में दो घायलों ने इलाज के दौरान तोड़ा दम:
हादसे में शुरुआत में आठ लोगों की मौके पर मौत होने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में उपचार के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई। इस तरह मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई। दुर्घटना में तीन साल की बच्ची समेत 24 लोग घायल हुए हैं।
एम्स ऋषिकेश के चिकित्सक डॉ. मधुर उनियाल ने बताया कि सुबह करीब 6:30 बजे से घायलों के अस्पताल पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ। अब तक 22 मरीज अस्पताल लाए गए, जिनमें दो को मृत अवस्था में पहुंचाया गया था। बाकी 20 घायलों का उपचार चल रहा है। इनमें छह लोगों की हालत गंभीर बताई गई है।
झारखंड, असम, बिहार और मध्य प्रदेश के यात्री घायल:
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने बताया कि सुबह करीब 5:15 बजे बस के खाई में गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया। घायलों को निकालकर एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि घायल यात्रियों में झारखंड, असम, बिहार और मध्य प्रदेश के निवासी शामिल हैं।
रुद्रप्रयाग में बारातियों की बोलेरो खाई में गिरी:
उत्तराखंड में दूसरा सड़क हादसा रुद्रप्रयाग जिले की क्यूंजा घाटी में हुआ। यहां पोखरी में आयोजित शादी समारोह से लौट रही बारातियों की बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हुए हैं। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई गई है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख, जांच के आदेश:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टिहरी जिले के गूलर में हुए बस हादसे पर दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर उपचार और समुचित देखभाल उपलब्ध कराई जाए। इसके साथ ही उन्होंने बस दुर्घटना के कारणों की जांच के आदेश भी दिए हैं।
डीएम और एसएसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल:
टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने ऋषिकेश एम्स पहुंचकर घायलों से मुलाकात की। दोनों अधिकारियों ने मरीजों के स्वास्थ्य और उन्हें मिल रहे उपचार की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने बताया कि बस हादसे में आठ लोगों की मौके पर मौत हुई थी, जबकि दो ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया की जा रही है।
#Tags: #UttarakhandAccident #TehriBusAccident #RudraprayagAccident #Rishikesh #RoadAccident #CMDhami
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।