फरीदाबाद में टेक महिंद्रा के एशिया हेड की हत्या, पार्किंग विवाद में पड़ोसी ने बरसाईं गोलियां
हरियाणा के फरीदाबाद (Faridabad) में पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। यहां टेक महिंद्रा (Tech Mahindra) कंपनी के एशिया हेड परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले मोनू शर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से उन पर करीब 15 राउंड फायरिंग की, जिसमें परमजीत को नौ गोलियां लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस, क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, परमजीत के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी वारदात के बाद अपने परिवार के साथ फरार हो गया है और उसकी तलाश की जा रही है।
पार्किंग में कुत्ते को गंदगी कराने को लेकर शुरू हुआ था विवाद:
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि परमजीत धनखड़ और उनके पड़ोसी मोनू शर्मा के परिवारों के बीच पिछले काफी समय से विवाद चल रहा था। दोनों परिवार फरीदाबाद के सेक्टर-21C स्थित बहुमंजिला इमारत के अलग-अलग मंजिलों पर रहते हैं। बिल्डिंग नंबर-641 की पहली मंजिल पर परमजीत का परिवार रहता है, जबकि तीसरी मंजिल पर मोनू शर्मा का परिवार रहता है।
सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद के अनुसार, मोनू का बेटा अपने कुत्ते को पार्किंग में ही शौच कराता था। इस बात का परमजीत का बेटा सूर्य विरोध करता था और उसे ऐसा करने से रोकता था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच कई बार कहासुनी हुई थी। करीब चार से पांच दिन पहले भी सूर्य और मोनू के बीच इस मुद्दे पर विवाद हुआ था। हालांकि, उस समय मामला सुलझ गया था।
सिंगापुर से भांजे की शादी में शामिल होने आए थे परमजीत:
पुलिस के मुताबिक, परमजीत धनखड़ काम के सिलसिले में सिंगापुर (Singapore) में रहते थे और उनका परिवार फरीदाबाद में ही रहता था। वह 5 नवंबर को सिंगापुर से अपने घर लौटे थे। बताया गया है कि वह अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए भारत आए थे। उनके भांजे की शादी 24 नवंबर को होनी थी। घर लौटने के बाद उन्होंने जिम भी जाना शुरू कर दिया था।
जिम से लौटने के बाद पार्किंग में हुआ विवाद:
पुलिस की जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब आठ बजे परमजीत जिम से वापस घर पहुंचे थे। इस दौरान पार्किंग में उनके लिए निर्धारित जगह पर मोनू शर्मा की गाड़ी खड़ी थी। परमजीत ने मोनू से गाड़ी हटाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच एक बार फिर कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मोनू अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर आया और परमजीत पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, करीब 15 राउंड फायरिंग की गई, जिसमें नौ गोलियां परमजीत को लगीं। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद परिवार सहित फरार हुआ आरोपी:
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मोनू शर्मा अपने पूरे परिवार के साथ मौके से फरार हो गया। वारदात की सूचना मिलते ही सूरजकुंड थाना पुलिस के साथ क्राइम ब्रांच की टीमें भी सक्रिय हो गईं। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। वहीं, घटनास्थल को सील कर दिया गया है और वहां से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
परमजीत के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवाया गया है। पुलिस मामले में पुराने विवादों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
थाना प्रभारी ने की 15 राउंड फायरिंग की पुष्टि:
सूरजकुंड थाना प्रभारी प्रह्लाद ने बताया कि वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस, क्राइम ब्रांच और एफएसएल की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। मौके से कारतूसों के कुछ खाली खोल बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में करीब 15 राउंड फायरिंग किए जाने की जानकारी सामने आई है।
थाना प्रभारी के मुताबिक, पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। दोनों परिवारों के बीच पहले हुए विवादों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल आरोपी की तलाश जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#Tags: #FaridabadNews #TechMahindra #ParamjeetDhankar #HaryanaCrime #MurderCase
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।