संवाददाता शैलेंद्र शर्मा
आजमगढ़। फेसबुक पर किसी आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अजमतगढ़ बाजार में देर रात युवकों के बीच विवाद हो गया। इस विवाद को लेकर दर्जन भर युवक मौके पर पहुंचे और स्वास्थ्य विभाग अजमतगढ़ के चैकीदार पर लाठी-डंडा से हमला कर दिया। आसपास के लोग जब एकजुट हुए तो हमलावर मौके पर ही बाइक छोड़ कर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गयी । फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। इस मामले में पीड़ित ने 18 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। जिसमें पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।-
अजमतगढ़ बाजार के शैलेश चतुर्वेदी पीएचसी अजमतगढ़ पर बतौर चैकीदार तैनात है। उसके भतीजे गोलू और झगडू के बीच फेसबुक पर किसी आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था। पहले भी मारपीट हो चुकी थी। रात को भतीजा गोलू शैलेश के घर आया हुआ था। रात दस बजे झगडू शैलेश के घर पहुंचा और उसके भतीजे को बुलाने लगा। शैलेश के मना करने पर वह वापस लौटा और कुछ देर बाद दर्जन भर लोगों के साथ वापस आया। मकान के बाहर टहल रहे शैलेश पर उन लोगों ने हमला बोल दिया। शैलेश को बचाने गए ऋषि और मोहन राय पर भी हमलावरों ने लाठी-डंडे से हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद आसपास के लोग एकजुट हुए तो हमलावर फायरिंग करते हुए बाइक छोड़ कर फरार हो गए
वहीं पुलिस अधीक्षक सुधीर सिंह बताया कि तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो गई है बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
