‘अंगद का पैर है भाजपा सरकार, UP से कोई हिला नहीं सकता’, अमित शाह ने लखनऊ से विपक्ष को दिया साफ संदेश
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे, जहां उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होकर कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का संदेश दिया। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के सभागार में आयोजित इस बैठक में शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा अंगद का पैर है, जिसे कोई हिला नहीं सकता। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कमर कसकर चुनाव की तैयारी करने और अर्जुन की तरह लक्ष्य पर नजर रखने का आह्वान किया। शाह ने स्पष्ट कहा कि पार्टी को वर्ष 2027 में फिर से सरकार बनानी है। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े सहित 2500 से अधिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यकर्ताओं को दिया एकजुटता का संदेश:
अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता ही पार्टी का मालिक है। उन्होंने आपसी नाराजगी और मनमुटाव को भुलाकर चुनावी तैयारी में जुटने की अपील की। शाह ने कहा कि सभी लोग अपनी नाराजगी और मतभेद गोमती नदी में छोड़कर जाएं। चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं से बार-बार मुलाकात होगी और उनके कामकाज का हिसाब भी लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी का बही-खाता अच्छा रहना चाहिए।
शाह ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल बाबा की निरर्थक बकवास का जवाब उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में भाजपा की सरकार बनाकर देना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव को अपना चुनाव मानकर पूरी ताकत से काम करने और परिश्रम की पराकाष्ठा करने का आह्वान किया।
योगी सरकार के कामकाज को जनता तक पहुंचाने पर जोर:
अमित शाह ने कहा कि सरकार के काम अपनी जगह हैं, लेकिन कार्यकर्ता का पराक्रम सबसे महत्वपूर्ण है। उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक कार्यकर्ताओं का समायोजन हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश को विकास कार्यों के लिए धन देने में कोई कमी नहीं की और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उसे जमीन पर उतारने में कोई कसर नहीं छोड़ी। अब कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएं।
उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश यादव और उनके पिता की सरकारों के दौरान गरीबों के अधिकारों का लाभ परिवार और कार्यकर्ताओं तक सीमित रहा। इसके विपरीत योगी सरकार ने पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया है। शाह ने दावा किया कि केंद्र सरकार की योजनाओं का सबसे बेहतर क्रियान्वयन उत्तर प्रदेश में हुआ है।
निवेश, रोजगार और कानून व्यवस्था का किया जिक्र:
अमित शाह ने प्रदेश में विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये का निवेश आया है, जिसमें से 15 लाख करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है। उन्होंने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था के कारण प्रदेश में निवेश का माहौल बना है और निवेश आने से रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं।
शाह ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में केंद्र ने उत्तर प्रदेश के विकास के लिए कोई कमी नहीं छोड़ी है। प्रदेश के बुनियादी ढांचे के विकास के लिए भारत सरकार ने हजारों करोड़ रुपये दिए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में देश का सबसे बड़ा एक्सप्रेस-वे नेटवर्क है और जेवर में देश का सबसे बड़ा हवाई अड्डा बनाया गया है।
उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के सभी कार्यकाल को मिला लिया जाए, तब भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार का एक कार्यकाल उनसे अधिक काम करने वाला रहा है।
तीसरी बार सरकार बनने पर यूसीसी लागू करने का ऐलान:
अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में भाजपा की तीसरी बार सरकार बनती है तो प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 समाप्त किया, लेकिन कहीं कोई बड़ी अप्रिय स्थिति नहीं बनी। अब नशामुक्ति की दिशा में भी काम करना है और दिसंबर 2029 तक नशामुक्ति का लक्ष्य हासिल करना है।
शाह ने यह भी कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश में दंगों में 70 प्रतिशत की गिरावट आई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियां बताने और यह समझाने को कहा कि यदि भाजपा की सरकार नहीं आती है तो प्रदेश को किन परिस्थितियों का सामना करना पड़ सकता है।
योगी सरकार की तारीफ, माफिया पर कार्रवाई का किया जिक्र:
अपने संबोधन में अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि योगी सरकार ने माफिया को समाप्त करने का काम किया है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री को बधाई दी। शाह ने पिछली सरकारों पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए राम मंदिर निर्माण का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि पांच सौ वर्षों तक मंदिर नहीं बन पाया, लेकिन नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दूसरी बार सरकार बनने के बाद राम मंदिर का निर्माण हुआ।
योगी के नेतृत्व में चुनाव को लेकर विनोद तावड़े ने दिया जवाब:
बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े से आगामी विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व को लेकर सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव अमित शाह के मार्गदर्शन में होगा। उन्होंने यह भी कहा कि बैठक में गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कई बार तारीफ की है। समझदार को इशारा काफी है।
वहीं विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) से जुड़े मुद्दे पर तावड़े ने कहा कि पार्टी अपने मतदाताओं से संवाद करेगी और उन्हें इस विषय पर समझाएगी।
मोदी के चौथी बार प्रधानमंत्री बनने का किया दावा:
अमित शाह ने अपने संबोधन में राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हिमालय से लेकर गंगोत्री तक भगवा ही भगवा है। राहुल और अखिलेश को कुछ करना है तो उन्हें प्रयास करना चाहिए, अन्यथा नरेंद्र मोदी चौथी बार प्रधानमंत्री बनेंगे।
करीब नौ महीने बाद लखनऊ पहुंचे अमित शाह का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने स्वागत किया। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अमित शाह अगल-बगल बैठे नजर आए। कार्यसमिति की बैठक के समापन सत्र को शाम पांच बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ संबोधित करने वाले थे। बैठक में शाह ने कार्यकर्ताओं को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अभी से पूरी ताकत के साथ जुटने और भाजपा की लगातार तीसरी जीत सुनिश्चित करने का संदेश दिया।
#Tag: #AmitShah #BJP #YogiAdityanath #UPPolitics #UPElection2027
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।