यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल: 144 डिप्टी एसपी के तबादले, लखनऊ कमिश्नरेट से अयोध्या और बागपत भेजे गए अधिकारी
उत्तर प्रदेश में चुनाव से पहले पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। शासन ने रविवार दोपहर पुलिस उपाधीक्षकों और सहायक पुलिस आयुक्तों समेत कुल 144 अधिकारियों के तबादले कर दिए। जारी सूची में 17 महिला पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। इस फेरबदल में ज्यादातर ऐसे अधिकारी हैं, जिन्हें हाल ही में इंस्पेक्टर पद से पदोन्नति मिली है। वहीं, 31 अधिकारियों को पुलिस कमिश्नरेट से हटाकर विभिन्न जिलों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। तबादलों के जरिए शहरी और जिला पुलिस व्यवस्था में अधिकारियों की तैनाती बदली गई है।
राम मंदिर मामले के जांच अधिकारी को हरदोई भेजा:
तबादला सूची में राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले के जांच अधिकारी रहे आशुतोष तिवारी का नाम भी शामिल है। उन्हें हरदोई में नई तैनाती दी गई है। इसके अलावा अनुष्का को पीएसी प्रयागराज से मुरादाबाद भेजा गया है। विनिता का मेरठ पुलिस ट्रेनिंग सेंटर से रायबरेली तबादला किया गया है।
इसी क्रम में नीलम बिष्ट को बागपत से लखनऊ भेजा गया है। दीक्षा सिंह को नोएडा से गाजियाबाद और सुनीता दहिया को मुरादाबाद से बरेली में नई जिम्मेदारी दी गई है।
कमिश्नरेट से हटाए गए कई सहायक पुलिस आयुक्त:
प्रदेश के तीन प्रमुख पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ, नोएडा और प्रयागराज में तैनात नौ सहायक पुलिस आयुक्तों (ACP) को हटाकर विभिन्न जिलों में पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के पद पर भेजा गया है। इन अधिकारियों को अब कमिश्नरेट की शहरी पुलिस व्यवस्था के बजाय जिला स्तर पर जिम्मेदारी सौंपी गई है।
लखनऊ कमिश्नरेट से रजनीश वर्मा को बागपत, राधा रमण सिंह को लखीमपुर खीरी और अनूप कुमार को बांदा भेजा गया है। वहीं, नोएडा कमिश्नरेट से राजीव कुमार गुप्ता को अलीगढ़, पवन कुमार को भदोही और दीपांशी राठौर को गोरखपुर में तैनाती मिली है।
इसी तरह प्रयागराज कमिश्नरेट से रवि कुमार गुप्ता को गोंडा, सुनील कुमार सिंह-द्वितीय को अंबेडकरनगर और अजेन्द्र यादव को बुलंदशहर भेजा गया है।
पांच अधिकारियों को प्रशिक्षण केंद्र और मुख्यालय में जिम्मेदारी:
तबादला सूची में पांच अधिकारियों को फील्ड पोस्टिंग के बजाय प्रशिक्षण केंद्रों और मुख्यालय में तैनाती दी गई है। इनमें पुलिस अकादमी, पुलिस प्रशिक्षण केंद्र और सुरक्षा मुख्यालय शामिल हैं।
प्रयागराज कमिश्नरेट से श्यामजीत प्रमिला सिंह को पुलिस अकादमी मुरादाबाद भेजा गया है। वहीं, गोरखपुर की स्थानीय अभिसूचना इकाई (LIU) से देवी दयाल को पुलिस प्रशिक्षण केंद्र सीतापुर में तैनाती मिली है।
लखनऊ कमिश्नरेट से रत्नेश सिंह को सुरक्षा मुख्यालय लखनऊ भेजा गया है। 25वीं वाहिनी पीएसी रायबरेली से अजय कुमार यादव को पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय सुल्तानपुर और पीएसी कानपुर नगर से शैलेन्द्र कुमार वाजपेयी को एपीटीसी सीतापुर में जिम्मेदारी दी गई है।
अयोध्या और मथुरा में दस नए डीएसपी तैनात:
धार्मिक नगरी अयोध्या और मथुरा में भी पुलिस अधिकारियों की तैनाती में बदलाव किया गया है। दोनों शहरों में पांच-पांच नए पुलिस उपाधीक्षक भेजे गए हैं।
अयोध्या में दिलीप कुमार सिंह, महेंद्र कुमार शुक्ला, जितेंद्र कुमार शर्मा, मंजय सिंह और अरुण कुमार सिंह-छठे को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, मथुरा में चमन सिंह चावड़ा, हिमांशु माथुर, देवेश सिंह, राजीव सिरोही और अनीता चौहान को तैनात किया गया है।
17 महिला अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी:
तबादला सूची में 17 महिला पुलिस अधिकारियों के नाम शामिल हैं। इनमें कई अधिकारियों को अलग-अलग कमिश्नरेट, जिलों और पीएसी में नई तैनाती दी गई है।
मथुरा से सुमन कनौजिया को आगरा कमिश्नरेट में सहायक पुलिस आयुक्त बनाया गया है। लखनऊ कमिश्नरेट से प्रज्ञा पाठक को वाराणसी भेजा गया है। नोएडा से दीक्षा सिंह को गाजियाबाद और दीपांशी राठौर को गोरखपुर में जिम्मेदारी मिली है।
इसके अलावा अमरोहा से अंजली कटारिया को बुलंदशहर, जौनपुर से प्रतिमा वर्मा को मुरादाबाद और शाहजहांपुर से ज्योति यादव को पीएसी की 24वीं वाहिनी मुरादाबाद भेजा गया है।
वहीं, गाजीपुर से हर्षिता तिवारी को बहराइच, हापुड़ से अनीता चौहान को मथुरा और बागपत से नीलम बिष्ट को महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, लखनऊ में नई तैनाती दी गई है।
#Tags: #UPPolice #PoliceTransfer #UttarPradesh #DSP #ACP #PoliceNews
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।