देवरिया में गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं की सेहत को लेकर विभाग सख्त
देवरिया,। गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को भागलपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पर स्वास्थ्य अधिकारियों और सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) तथा सहायक नर्सिंग मिडवाइफ (एएनएम) के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, गैर संचारी रोगों और ट्रिपल एसी के कार्यों की प्रगति पर चर्चा की गई। साथ ही गर्भवती महिलाओं और बच्चों का समय से पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए।

चार प्रसवपूर्व जांच कराना अनिवार्य:
जिला मातृ स्वास्थ्य परामर्शदाता विश्वनाथ मल्ल ने बैठक में गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच (एएनसी) की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गर्भवती महिला की कम से कम चार एएनसी जांच कराना जरूरी है। इन जांचों में वजन, रक्तचाप, हीमोग्लोबिन, रक्त शर्करा और पेशाब की जांच के साथ टीटी का टीका शामिल है। जिन महिलाओं की जांच किसी कारण से छूट गई है, उन्हें तत्काल चिह्नित कर जांच पूरी कराई जाए।
उन्होंने उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं (एचआरपी) की अलग सूची तैयार करने और उनकी नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया। बैठक में मातृ मृत्यु दर कम करने के लिए सुरक्षित प्रसव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही गई। स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया गया कि घर पर प्रसव के बजाय सभी प्रसव अस्पतालों में कराए जाएं। आशा कार्यकर्ताओं और एएनएम को गर्भवती महिलाओं को पहले से ही प्रसव की संभावित तारीख, संबंधित अस्पताल और एंबुलेंस सेवा (102) की जानकारी देने को कहा गया।
प्रसव के बाद मां और बच्चे की निगरानी जरूरी:
बैठक में बताया गया कि प्रसव के बाद शुरुआती 48 घंटे मां और नवजात दोनों के स्वास्थ्य की निगरानी के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। इस दौरान दोनों की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। नवजात को जन्म के तुरंत बाद मां का पहला गाढ़ा दूध यानी कोलोस्ट्रम पिलाने और छह माह तक केवल स्तनपान कराने पर जोर दिया गया।
इसके अलावा कम वजन के साथ जन्मे बच्चों (एलबीडब्ल्यू) और कुपोषित बच्चों की अलग सूची तैयार कर उनका नियमित फॉलोअप करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कोई भी बच्चा नियमित टीकाकरण से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए स्वास्थ्यकर्मियों को बच्चों की स्थिति पर लगातार नजर रखने और छूटे हुए बच्चों की पहचान करने को कहा गया।
आशा, एएनएम और आंगनबाड़ी के समन्वय पर जोर:
टीएसयू के जिला प्रतिनिधि सतीश कुमार सिंह ने ट्रिपल एसी के तहत आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सीएचओ के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि इन सभी की आपसी सहभागिता से गर्भवती महिलाओं और बच्चों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित की जा सकती है।
उन्होंने बुधवार और शनिवार को आयोजित होने वाले ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (वीएचएसएनडी) सत्रों में निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही टीकाकरण से छूटे बच्चों की पहचान कर उन्हें अगले सत्र में टीका लगाने के निर्देश दिए। बैठक में गर्भवती महिलाओं और शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों का पंजीकरण अनिवार्य रूप से कराने की बात भी कही गई।
योजनाओं का लाभ पाने के लिए समय से पंजीकरण जरूरी:
बैठक में बताया गया कि पंजीकरण के अभाव में गर्भवती महिलाओं को जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई), जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम (जेएसएसके) और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का लाभ मिलने में परेशानी हो सकती है। इसको ध्यान में रखते हुए सीएचओ और एएनएम को आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से नई गर्भवती महिलाओं की जल्द पहचान करने तथा गर्भावस्था के 12 सप्ताह के भीतर उनका पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही गर्भवती महिला का मोबाइल नंबर, आधार और बैंक खाते से संबंधित विवरण सही तरीके से दर्ज करने को कहा गया, ताकि सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाली धनराशि सीधे उनके बैंक खाते में पहुंच सके। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर निगरानी और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया।
बैठक में एमओआईसी डॉ. रजत कुमार, डीडीएम प्रमोद यादव, बीपीएम रामकेश यादव सहित सहयोगी संस्था सीफार (CIFAR) और जेएसआई (JSI) के जिला प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।
#Tags: #Deoria #MaternalHealth #NewbornCare #HealthDepartment #Vaccination
रिपोर्टर: गुड़िया मद्धेशिया