KGMU में HOD पर एग्जाम में गड़बड़ी कराने का आरोप:प्लास्टिक सर्जरी विभाग के दो प्रोफसरों ने की शिकायत, डीन से जांच की मांग की
लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के प्लास्टिक सर्जरी विभाग में परीक्षा की निष्पक्षता और मूल्यांकन प्रक्रिया को लेकर विवाद सामने आया है। विभाग के दो वरिष्ठ प्रोफेसरों ने विभागाध्यक्ष (HOD) डॉ. विजय कुमार पर परीक्षा में अनियमितता कराने के गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में एक पोस्टग्रेजुएट रेजिडेंट को परीक्षा से पहले व्यक्तिगत रूप से पढ़ाने और प्रश्नों की जानकारी पहले ही उपलब्ध कराने जैसे आरोप शामिल हैं। दोनों प्रोफेसरों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है।
डीन को पत्र लिखकर उठाए सवाल:
दोनों वरिष्ठ प्रोफेसरों ने 18 नवंबर को फैकल्टी ऑफ मेडिसिन के डीन को पत्र लिखकर पूरे मामले की जांच कराने का अनुरोध किया है। उन्होंने परीक्षा की गोपनीयता, प्रश्नपत्र तैयार करने की प्रक्रिया और मूल्यांकन व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। इसके साथ ही प्लास्टिक सर्जरी विभाग में दिए जाने वाले गोल्ड मेडल के नियमों और चयन प्रक्रिया को भी सार्वजनिक करने की मांग की है।
प्रोफेसरों के पत्र के मुताबिक, परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता को लेकर पहले से आशंकाएं थीं। इसी वजह से दोनों फैकल्टी सदस्यों ने इंटरनल परीक्षा से पहले अपने तैयार किए गए प्रश्नपत्र विभागाध्यक्ष को नहीं सौंपे। उन्होंने स्वयं प्रश्नपत्र तैयार किए और संबंधित उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन भी किया। उनका कहना था कि इस व्यवस्था का उद्देश्य परीक्षा की गोपनीयता बनाए रखना और किसी भी रेजिडेंट को अनुचित लाभ मिलने की आशंका को दूर करना था।
इंटरनल असेसमेंट के अंकों पर भी विवाद:
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रश्नपत्र तैयार करने और उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करने में भूमिका निभाने के बावजूद दोनों प्रोफेसरों को अंतिम इंटरनल असेसमेंट के अंक नहीं बताए गए। पत्र के अनुसार, विभागाध्यक्ष ने स्वयं समेकित मूल्यांकन तैयार किया और रेजिडेंट्स को दिखाकर उस पर उनके हस्ताक्षर भी करा लिए।
प्रोफेसरों का आरोप है कि अंतिम अंकों की जानकारी संबंधित फैकल्टी सदस्यों के साथ साझा नहीं की गई। उन्हें न तो मूल्यांकन की जांच करने का अवसर मिला और न ही अंकों को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया गया। शिकायत में यह भी आशंका जताई गई है कि मूल्यांकन प्रक्रिया के दौरान एक रेजिडेंट को अनुचित फायदा पहुंचाया गया। हालांकि, ये सभी आरोप शिकायत पत्र में लगाए गए हैं, जिनकी जांच होनी बाकी है।
गोल्ड मेडल की चयन प्रक्रिया सार्वजनिक करने की मांग:
प्लास्टिक सर्जरी विभाग में दिए जाने वाले गोल्ड मेडल को लेकर भी दोनों प्रोफेसरों ने सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने डीन से मांग की है कि इस सम्मान के लिए निर्धारित पात्रता के नियम स्पष्ट किए जाएं। इसके अलावा अलग-अलग मूल्यांकन का कितना महत्व होगा और गोल्ड मेडल के विजेता का चयन किस आधार पर किया जाएगा, इसकी जानकारी भी सार्वजनिक की जाए।
प्रोफेसरों का कहना है कि गोल्ड मेडल एक प्रतिष्ठित अकादमिक सम्मान है। ऐसे में इसे प्रदान करने के लिए पारदर्शी और निर्धारित नियमों का पालन किया जाना जरूरी है। चयन प्रक्रिया की जानकारी सभी फैकल्टी सदस्यों और पोस्टग्रेजुएट रेजिडेंट्स को उपलब्ध होनी चाहिए, ताकि किसी तरह की असमंजस या पक्षपात की आशंका न रहे।
विभागाध्यक्ष को प्रश्नपत्र मॉडरेशन से हटाने की मांग:
दोनों वरिष्ठ प्रोफेसरों ने डीन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने के साथ परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने अपने पत्र में यह भी अनुरोध किया है कि जांच पूरी होने तक विभागाध्यक्ष को विश्वविद्यालय के प्रश्नपत्र मॉडरेट करने की जिम्मेदारी नहीं सौंपी जाए।
पत्र की प्रतिलिपि KGMU के परीक्षा नियंत्रक (COE) और कुलपति को भी भेजे जाने का उल्लेख किया गया है। प्रोफेसरों का मानना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होने से परीक्षा और मूल्यांकन प्रक्रिया से जुड़े सवालों का समाधान हो सकेगा।
KGMU प्रशासन ने जांच की बात कही:
मामले पर KGMU के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि यह प्रकरण रविवार शाम को उनके संज्ञान में आया। उन्होंने कहा कि गोपनीय पत्र लीक कैसे हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जाएगी। इसके साथ ही शिकायत पत्र में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जाएगी।
फिलहाल मामला विश्वविद्यालय प्रशासन के संज्ञान में है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
#Tags: #KGMU #Lucknow #MedicalEducation #ExamControversy #PlasticSurgery
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।