शाहजहांपुर में बनेगा स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय

Lucknow। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक और बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार को लोकभवन, लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में शाहजहांपुर में स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय की स्थापना को मंजूरी दी गई।

उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि इस विश्वविद्यालय के गठन के लिए मुमुक्ष आश्रम ट्रस्ट की शैक्षणिक इकाइयों को उच्चीकृत किया जाएगा। फिलहाल ट्रस्ट के अंतर्गत स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज, स्वामी शुकदेवानंद विधि महाविद्यालय, श्री दैवी सम्पद ब्रह्मचर्य संस्कृत महाविद्यालय, श्री धर्मानन्द सरस्वती इंटर कॉलेज और श्री शंकर मुमुक्ष विद्यापीठ संचालित हो रहे हैं। विश्वविद्यालय की स्थापना के बाद इन सभी संस्थानों का संचालन विश्वविद्यालय के अधीन होगा।

जिलाधिकारी शाहजहांपुर की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रस्ट के पास कुल 21.01 एकड़ भूमि है, जिसमें से लगभग 20 एकड़ जमीन विश्वविद्यालय के लिए आवंटित की जाएगी। इसके लिए पहले चरण में उच्च शिक्षा विभाग और मुमुक्ष आश्रम ट्रस्ट के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इसके बाद उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम 1973 के तहत औपचारिक कार्यवाही पूरी होगी।

सरकार का मानना है कि शाहजहांपुर और आसपास के जिलों के हजारों विद्यार्थियों को इस विश्वविद्यालय की स्थापना से सीधा लाभ मिलेगा। उन्हें उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

योगी सरकार के इस फैसले को प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र को नई दिशा देने वाला कदम माना जा रहा है। इससे न केवल शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार होगा बल्कि शाहजहांपुर जिले को एक नई शैक्षणिक पहचान भी मिलेगी।

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading