रामधारी और अहमर संग सपाइयों ने नगरपालिका चुनाव को लेकर भरी हुंकार…

गाज़ीपुर। सपा (Samajwadi Party) की नगर इकाई के वार्ड संख्या-सात की बैठक बड़ीबाग स्थित एक गेस्ट हाउस में मंगलवार को हुई। इस अवसर पर नगरपालिका चुनाव एवं बूथ कमेटी की समीक्षा की गई। कार्यकर्ताओं ने हर कीमत पर नगरपालिका चुनाव में पार्टी को जिताने का संकल्प लिया।

बैठक में मुख्य अतिथि जिलाध्यक्ष रामधारी यादव ने सभी कार्यकर्ताओं से नगरपालिका चुनाव की तैयारी में तन-मन से जुटने का आह्वान किया। कहा कि लगभग पचीस वर्षों से नगरपालिका पर भाजपा का कब्जा है लेकिन शहर की समस्याएं जस की तस बनी हुई है। शहर विकास के नाम पर शून्य है। गलियां आज भी अंधेरी हैं। नालों को ढंकने की आज तक कोई व्यवस्था नहीं हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से स्थानीय समस्याओं को लेकर संघर्ष करने का भी आह्वान किया। कहा कि शहर के विकास के लिए नगरपालिका से भाजपा को बेदखल करना जरूरी है।

वहीं जिला उपाध्यक्ष और नगर प्रभारी अहमर जमाल ने शहर के विकास को लेकर चिंता जाहिर किया। उन्होंने कहा कि शहरवासी पानी की टंकियों की नियमित सफाई न होने से दूषित पेयजल पीने को मजबूर हैं। नालों की नियमित सफाई न होने से जल निकासी की समस्या उत्पन्न हो जाती है। शहर में कई सड़कों की स्थिति दयनीय है। उन्होंने व्यापारियों और शहर वासियों को होने वाली समस्याओं पर गहरी चिंता व्यक्त की।

इस अवसर पर जिला मीडिया प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव, रामयश यादव, जोखन यादव आदि उपस्थित थे। अध्यक्षता नगर अध्यक्ष दिनेश यादव एवं संचालन सेक्टर प्रभारी ओपी यादव ने किया।

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading