सेवा पखवाड़ा कार्यशाला आज, सीएम योगी समेत बीजेपी के दिग्गज होंगे शामिल
Lucknow। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस बार भी सेवा पखवाड़ा मना रही है। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस सेवा पखवाड़ा को लेकर आज लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यशाला दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। इसमें जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, कार्यक्रम प्रभारी समेत पार्टी के कई जिम्मेदार पदाधिकारी शामिल होंगे। इस कार्यशाला के माध्यम से आगामी सेवा पखवाड़ा के लिए दिशा-निर्देश तय किए जाएंगे और विभिन्न जिलों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रणनीति बनाई जाएगी।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित प्रदेश के सभी वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। पार्टी के संगठनात्मक ढांचे से जुड़े प्रमुख नेता इस दौरान कार्यकर्ताओं को सेवा पखवाड़ा के उद्देश्यों और योजनाओं के बारे में जानकारी देंगे।
सेवा पखवाड़ा के तहत भाजपा विभिन्न सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यक्रम चलाएगी। इनमें स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, गरीबों और जरूरतमंदों को मदद पहुंचाने जैसी योजनाएं शामिल होंगी। कार्यशाला में इन कार्यक्रमों के लिए जिलावार लक्ष्य और जिम्मेदारियां तय की जाएंगी।
पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि सेवा पखवाड़ा प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को जनसेवा के रूप में मनाने का एक अवसर है। इसका उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक पार्टी की पहुंच बनाना और सेवा के माध्यम से जनता के बीच सकारात्मक संदेश देना है।