Lucknow: उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने शुक्रवार को नगर के विभिन्न वार्डों का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था और नगर निगम की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान महापौर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त गौरव कुमार सहित नगर निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे। मंत्री ने जोन एक और दो के पांच वार्डों — रानी लक्ष्मीबाई वार्ड, गणेशगंज, लेबर कॉलोनी, गोलागंज और कुंवर ज्योति प्रसाद वार्ड का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकांश जगहों पर सफाई व्यवस्था पहले से बेहतर मिली। रानी लक्ष्मीबाई वार्ड (अमीनाबाद घंटाघर पार्क) में मंत्री ने पार्क और आसपास की खाली जमीन की सफाई कराने और सड़क निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने खाली पड़ी जमीन पर पार्किंग विकसित करने के साथ ही जल निगम की पड़ी पाइपलाइन और निर्माण सामग्री तुरंत हटाने के आदेश दिए। महापौर ने कहा कि एक सप्ताह बाद इस स्थल का दोबारा निरीक्षण किया जाएगा।
गणेशगंज वार्ड में मंत्री को नालियों पर अतिक्रमण और बंद पड़ी नालियां मिलीं। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया कि नालियों से अतिक्रमण हटवाया जाए और दोषियों पर जुर्माना लगाया जाए। उन्होंने कहा कि व्यवस्थित ड्रेनेज सिस्टम के बिना सफाई व्यवस्था प्रभावी नहीं हो सकती। लेबर कॉलोनी और गोलागंज वार्ड में भी उन्होंने सफाई व्यवस्था और वृक्षारोपण को और बेहतर करने के निर्देश दिए।
कुंवर ज्योति प्रसाद वार्ड में निरीक्षण के दौरान सुरेश खन्ना ने मेहंदी बेग खेड़ा स्थित पार्क को व्यवस्थित करने और बड़े स्तर पर वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने घोषणा की कि 9 सितंबर को स्वयं इस पार्क में वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसमें 1000 से अधिक पौधे लगाए जाएंगे।
मंत्री ने नगर निगम इंजीनियरिंग गैंग को सक्रिय रहने और समस्याओं का तुरंत समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
