जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनी 200 लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

रिपोर्ट: रविन्द्र चौधरी



Gorakhpur: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के लिए अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं के समाधान में तत्परता और संवेदनशीलता बरती जाए, इसमें किसी भी तरह की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित इस जनता दर्शन में सीएम योगी खुद लोगों के बीच पहुंचे और एक-एक कर उनकी बातें सुनीं। उन्होंने कहा कि जनता की हर समस्या का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और संतुष्टिपरक समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी स्पष्ट किया कि गरीबों और कमजोरों की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे थे। इस पर सीएम योगी ने भरोसा दिलाया कि सरकार इलाज के लिए पूरी मदद करेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में मेडिकल इस्टीमेट की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कर शासन को भेजा जाए ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

जनता दर्शन में कई जिलों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं बताईं। आगरा की एक महिला ने आवास की समस्या रखी, जिस पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि शासन की योजना के तहत उसे आवास उपलब्ध कराया जाएगा। इस दौरान कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ भी पहुंचीं। मुख्यमंत्री ने बच्चों को स्नेहपूर्वक चॉकलेट दी और उनके उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।

सीएम योगी ने कहा कि जनता की उम्मीदें ही सरकार की प्राथमिकता हैं और समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई अधिकारियों की पहली जिम्मेदारी होनी चाहिए।

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading