गाज़ीपुर के “कटरा गैंग” का “काला सच!”

गाजीपुर। शहर के चर्चित कारोबारी परिवार से जुड़े युवा विनीत राय की हत्या ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। यह मामला अब केवल एक हत्या तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि जिले में कथित गैंग गतिविधियों, कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्रवाई को लेकर भी कई सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस ने इस मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई राज्यों में दबिश तेज कर दी है तथा चार आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

पुलिस जांच और दर्ज मुकदमों के अनुसार, गाजीपुर शहर के लंका, फूलनपुर, सिंचाई विभाग चौराहा और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ वर्षों से कथित “कटरा गैंग” का नाम लगातार चर्चा में रहा है। स्थानीय स्तर पर इस गैंग पर विवादों में सामूहिक रूप से जुटकर दबाव बनाने और हिंसक घटनाओं को अंजाम देने के आरोप लगते रहे हैं।

इस गैंग का नाम पहली बार बड़े स्तर पर दिसंबर 2023 में चर्चा में आया, जब सरकारी अधिवक्ता के पुत्र मार्तंड विक्रम सिंह पर हमले का मामला सामने आया। दर्ज एफआईआर के अनुसार पुरानी रंजिश को लेकर उन पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला किया गया था, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

इसी दौरान बिंदु होटल और उसके संचालक आलोक राय से जुड़ा विवाद भी सामने आया। होटल पक्ष का आरोप है कि वर्ष 2024 की शुरुआत में हुए विवाद के बाद होटल में तोड़फोड़, लूटपाट और धमकी जैसी घटनाएं हुईं। मामला पुलिस तक पहुंचा और मुकदमा दर्ज हुआ। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव लगातार बढ़ता गया।

17 फरवरी 2024 को गौसाबाद स्थित बिंदु होटल में हुई तोड़फोड़ की घटना ने इस विवाद को और सुर्खियों में ला दिया। होटल प्रबंधन की ओर से आरोप लगाया गया कि कई युवक होटल में घुसे, संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, वाहनों में तोड़फोड़ की और फायरिंग भी की। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

वर्तमान हत्याकांड की जांच कर रही पुलिस को आशंका है कि विनीत राय की हत्या पूर्व नियोजित साजिश का हिस्सा हो सकती है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि घटना से पहले कथित तौर पर लंबे समय तक रेकी की गई थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार हमलावरों ने परिवार के सदस्यों की गतिविधियों पर नजर रखी थी।

वारदात वाले दिन हमलावर कथित रूप से होटल के आसपास मौजूद थे। इसी दौरान विनीत राय होटल से बाहर निकले और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई गईं। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना में सुरक्षा गार्ड भी निशाने पर आया, हालांकि वह किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा।

दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद व्यापारी वर्ग में भारी आक्रोश देखने को मिला। परिजनों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि यदि पूर्व की घटनाओं में समय रहते सख्त कार्रवाई हुई होती, तो शायद यह घटना टाली जा सकती थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष टीमें गठित की हैं। गाजीपुर के अलावा मऊ, बिहार और झारखंड समेत विभिन्न संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज कर दिया गया है और जल्द ही महत्वपूर्ण सफलता मिल सकती है।

फिलहाल पूरे जिले की निगाहें पुलिस कार्रवाई पर टिकी हैं। लोग यह जानना चाहते हैं कि क्या आरोपी जल्द गिरफ्त में आएंगे और क्या विनीत राय हत्याकांड के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा हो सकेगा। वहीं, परिजन अपने बेटे के लिए न्याय की मांग पर अडिग हैं।

Related Post

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading