सीएम योगी ने पूरा कराया महिला का सपना, छलक पड़ी खुशी…
वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दर्शन कार्यक्रम का असर एक बार फिर जमीन पर दिखाई दिया। शनिवार को वाराणसी के सर्किट हाउस सभागार में जनता की समस्याएं सुन रहे मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद सुश्री शैला खानम उर्फ निखत परवीन की परेशानी को गंभीरता से लिया और जिला प्रशासन को तत्काल समाधान के निर्देश दिए।
जनता दर्शन के दौरान शैला खानम ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके पास रोज़गार नहीं है, जबकि उनके पति की आमदनी भी बहुत कम है। इस आर्थिक तंगी के बीच बच्चों को बेहतर शिक्षा देने का सपना पूरा करना कठिन हो रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से एक सिलाई मशीन उपलब्ध कराने की मांग की ताकि वह सिलाई का काम कर परिवार की मदद कर सकें।
मुख्यमंत्री ने इस पीड़ा को समझते हुए मौके पर ही वाराणसी जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि महिला को तुरंत सिलाई मशीन उपलब्ध कराई जाए। निर्देश के महज दो घंटे के भीतर जिला प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए शैला खानम को सिलाई मशीन सौंप दी।
सिलाई मशीन मिलने के बाद शैला खानम ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब वह आत्मनिर्भर बनकर अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिला पाएंगी।
यह उदाहरण मुख्यमंत्री के उस संकल्प को दर्शाता है जिसमें हर जरूरतमंद तक सरकारी सहायता तेज़ी से पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। वाराणसी जिला प्रशासन की तत्परता और सीएम के संवेदनशील रुख ने साबित कर दिया कि सरकारी तंत्र समयबद्ध तरीके से भी जनता की समस्याओं को हल कर सकता है।
यह घटना प्रदेश में सुशासन और जनसुनवाई के प्रभावी मॉडल की झलक पेश करती है, जहां मदद के लिए लंबे इंतज़ार की ज़रूरत नहीं पड़ती।