लखनऊ। राजधानी लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र के गोला कुआं के पास गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां तेज रफ्तार रोडवेज बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में चार लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया और पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस अनियंत्रित होकर पलटी और उसकी चपेट में एक बाइक सवार भी आ गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और बचाव कार्य शुरू किया गया।
सूचना मिलते ही काकोरी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य में जुट गई। मृतकों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।

