बलिया में परिवहन मंत्री ने दिखाई 6 नई बसों को हरी झंडी, यात्रियों को मिलेगी बेहतर सुविधा

रिपोर्ट: अमित कुमार

Ballia: उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने रविवार को बलिया में परिवहन सेवाओं को मजबूती देने के लिए 6 नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों का संचालन बलिया-बक्सर, मांझी घाट, मऊ सहित कई रूटों पर किया जाएगा। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकारी बसों के संचालन में देश में दूसरे स्थान पर है, जबकि महाराष्ट्र पहले स्थान पर है।

मंत्री ने जानकारी दी कि उत्तर प्रदेश परिवहन निगम जल्द ही 25 हजार बसों के बेड़े से लैस होगा। इसके लिए 9500 नई बसें खरीदी जा रही हैं, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिल सके। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों को जोड़ने के लिए 1000 इलेक्ट्रिक बसें भी खरीदी जा रही हैं। ये बसें न केवल पर्यावरण अनुकूल होंगी बल्कि ग्रामीण यात्रियों को शहरों तक आने-जाने में सहूलियत प्रदान करेंगी।

बलिया जिले को परिवहन सेवाओं में अव्वल बनाने का लक्ष्य रखा गया है। मंत्री ने कहा कि जिले के अंतिम गांव तक बस सेवा पहुंचाई जाएगी। इसके साथ ही बैरिया में अंतर्राज्यीय बस अड्डे के लिए 20 बीघा जमीन आवंटित की गई है, जिस पर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। वहीं उजियार और रसड़ा में भी भव्य बस अड्डे बनाए जाएंगे, जहां यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।

इसके अतिरिक्त, जीराबस्ती स्थित परिवहन कार्यशाला के विकास और सुंदरीकरण के लिए 7 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। यहां बसों की मरम्मत और रखरखाव की आधुनिक व्यवस्था होगी, जिससे परिवहन निगम की सेवाओं की गुणवत्ता में और सुधार आएगा।

मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार आमजन को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना ही सरकार का प्रमुख लक्ष्य है।

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading