गाजीपुर : ग्राम प्रधान के ऊपर हुआ जानलेवा हमला

गाजीपुर। बरेसर थाना क्षेत्र के विद्यापुर न्याइपुर गांव में गुरुवार की सुबह बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने ग्राम प्रधान पर फायर झोंक दिया। गोली उसके हाथ में लगी। शोर मचाते हुए ग्राम प्रधान अपनी जान बचाकर किसी तरह से वहां से भागे। लोगों के मौके पर पहुंचने से पहले ही बदमाश भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। तत्काल विभिन्न मार्गों पर घेरेबंदी की गई। लेकिन सफलता नहीं मिली। घायल ग्राम प्रधान को जिला अस्पताल लाया गया। जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना के संबंध में बताया गया है कि विद्यापुर न्याइपुर ग्राम प्रधान भरत कुमार उर्फ भागी 45 गुरुवार की सुबह गांव में हो रहे मनरेगा के कार्य को देखने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गांव के समीप हुसैनाबाद रोड पर स्थित हनुमान मंदिर के पास करीब 8 बजे मुंह बांधे बाइक सवार तीन बदमाशों ने ग्राम प्रधान के ऊपर फायर झोंक दिया। गोली ग्राम प्रधान के बाए हाथ में लगी। वह भागकर खेत में पहुंचा और शोर मचाने लगा। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके की तरफ से दौड़ पड़े। लोगों के पहुंचने से पहले ही बदमाश अहिरौली गांव होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की तरफ भाग निकले। सूचना मिलने पर सीओ मुहम्मदाबाद विनय गौतम, बरेसर थाना प्रभारी निरीक्षक, थाना प्रभारी करीमुद्दीनपुर दिव्यप्रकाश सिंह सहित सभी सर्किल की फोर्स घटना स्थल पर पहुंच गई।

बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस ने तत्काल विभिन्न मार्गों पर वाहन चेकिंग शुरु कराया। लेकिन सफलता नहीं मिली। घायल ग्राम प्रधान को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। इस संबंध में बरेसर थाना प्रभारी निरीक्षक सजंय कुमार ने बताया कि घायल ग्राम प्रधान को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। अभी तक पीड़ित की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। फिर भी मामले की छानबीन करते हुए बदमाशों की तलाश शुरु कर दी गई है।

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading