दिल्ली/लखनऊ। पुलिस पहले सपा सांसद के घर पहुंची, वह वहां नहीं मिले, लोगों ने बताया कि वह पूरे परिवार के साथ दिल्ली में हैं, फिर पुलिस दिल्ली पहुंची और रात को 12:00 बजे सपा सांसद को नोटिस थमा दिया। यह पूरा मामला संभल हिंसा से जुड़ा हुआ है और बात हो रही है सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क की। जिन्हें यूपी पुलिस ने दिल्ली जाकर मंगलवार रात 12 बजे नोटिस थमाया है।

खबर के अनुसार संभल पुलिस रात को जियाउर्रहमान बर्क के दिल्ली में वेस्टर्न कोर्ट स्थित एमपी हॉस्टल पहुंची। पुलिस ने बर्क को 24 नंवबर को भड़की हिंसा को लेकर नोटिस दिया है। पुलिस ने हिंसा के मामले में सांसद को 8 अप्रैल तक पेश होकर बयान दर्ज कराने के लिए कहा है।

ख़बर के अनुसार इसके पहले मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे पुलिस टीम सांसद बर्क के मोहल्ला दीपा सराय स्थित आवास पर नोटिस देने पहुंची थी। लेकिन सांसद के घर पर कोई नहीं मिला। इसके बाद टीम लौट आई थी। पुलिस को आसपास के लोगों ने बताया कि सांसद के परिवार से सभी लोग दिल्ली में हैं।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार संभल एसपी कृष्ण बिश्नोई ने कहा कि मंगलवार शाम को संभल स्थित आवास पर सांसद नहीं मिले थे। पड़ोसियों ने बताया कि पूरा परिवार दिल्ली में है। इसीलिए SIT टीम ने दिल्ली आवास पहुंचकर सांसद बर्क को 35A का नोटिस तामील कराया है। उन्हें 8 अप्रैल तक बयान दर्ज कराने होंगे।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, 24 नवंबर 2024 को संभल में जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हिंसा भड़क गई थी। इसमें गोली लगने से 4 लोगों की जान गई थी।

बताया जा रहा है कि 19 नवंबर 2024 को हिंदू पक्ष की ओर से सिविल सीनियर डिवीजन चंदौसी कोर्ट में दावा किया गया कि संभल की शाही जामा मस्जिद श्री हरिहर मंदिर है। 19 नवंबर की शाम को मस्जिद का पहले चरण का सर्वे हुआ था। 24 नवंबर को फिर से सर्वे होना था। टीम सर्वे के लिए मस्जिद पहुंची थी तभी हिंसा भड़क गई थी। इस मामले में जामा मस्जिद के सदर जफर अली को पुलिस ने रविवार 23 मार्च 2025 को गिरफ्तार किया था। इससे पहले 3 महिलाओं सहित कुल 79 उपद्रवियों को पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अभी तक इस मामले में किसी को जमानत नहीं मिली है।
इस मामले में तीन महीने पहले SIT ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अर्चना सिंह की कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी। हिंसा में कुल 12 FIR दर्ज की गई थी। इनमें से 6 मामले में चार्जशीट दाखिल की गई। बाकी मामलों में जांच जारी है। ख़बर के अनुसार चार्जशीट में सांसद बर्क और सपा विधायक के बेटे का नाम नहीं है। इस पर एसपी कृष्ण बिश्नोई ने कहा है कि जल्द सांसद बर्क और सपा विधायक के बेटे की चार्जशीट भी कोर्ट में दाखिल होगी। सांसद बर्क की कुछ वॉट्सऐप डिटेल मांगी गई है।
क्या बोले सपा सांसद?

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार सपा सांसद बर्क ने कहा है कि संभल पुलिस से जो नोटिस आया था। मैंने उसे रिसीव कर लिया है। नोटिस में हाईकोर्ट के आदेशानुसार विवेचना में पुलिस का सहयोग करने को कहा गया है। मैं भारत का जागरूक नागरिक हूं। पुलिस जांच में पूरा सहयोग करूंगा।

