Saharanpur के गंगोह थाना क्षेत्र के एक पब्लिक स्कूल में सोमवार को बड़ा विवाद खड़ा हो गया। छात्रा से छेड़छाड़ की शिकायत लेकर स्कूल पहुंचे पिता को कथित रूप से प्रिंसिपल और अन्य लोगों ने कमरे में बंद कर लात-घूसों से पीटा। पिटाई से उनका जबड़ा फट गया और मुंह से खून बहने लगा। इस दौरान पत्नी और बेटी ने बचाने की कोशिश की तो उनके साथ भी अभद्रता की गई। पीड़ित को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, प्रिंसिपल पक्ष ने उल्टा अभिभावकों पर हमला करने का आरोप लगाया है।
पिता का आरोप: प्रिंसिपल ने बुलाए गुंडे, कमरे में बंदकर पीटा
गंगोह निवासी छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी बेटी कक्षा आठ की छात्रा है और लंबे समय से स्कूल का ही एक छात्र उसके साथ छेड़छाड़ कर रहा था। बेटी ने कई बार शिक्षकों से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद वह पत्नी और बेटे के साथ सोमवार को स्कूल पहुंचे। उन्होंने प्रिंसिपल से शिकायत की तो वह भड़क गए और अभद्रता करने लगे। आरोप है कि प्रिंसिपल ने बाहर से कुछ लोगों को बुलाया और फिर कमरे में बंदकर लात-घूसों से पीटा। इस दौरान उनका बेटा वीडियो बनाने लगा तो उसका मोबाइल छीनने की कोशिश की गई।
पीड़ित का कहना है कि जब पत्नी और बेटी ने बचाने की कोशिश की तो स्कूल स्टाफ ने उनके साथ भी बदसलूकी की। घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया।
छात्रा की पीड़ा: पिता को गुंडों से पिटवाया
छात्रा ने बताया कि लगातार छेड़छाड़ से वह मानसिक रूप से परेशान थी और पढ़ाई पर असर पड़ रहा था। जब पिता ने शिकायत की तो प्रिंसिपल ने न केवल उन्हें थप्पड़ मारे बल्कि गुंडों को बुलाकर बेरहमी से पिटवाया।
प्रिंसिपल का पक्ष: छात्र निकाला, अभिभावकों ने किया हमला
वहीं, प्रिंसिपल का कहना है कि 29 अगस्त को उन्हें स्कूल के एक लड़के और लड़की के गलत व्यवहार की जानकारी मिली थी। जांच के बाद कक्षा 10 के छात्र को निष्कासित कर दिया गया और लड़की के परिजनों को सूचना दी गई। इसी बात से नाराज परिजन सोमवार को स्कूल आकर गाली-गलौज और हमला करने लगे। प्रिंसिपल की पत्नी ने आरोप लगाया कि बीच-बचाव के दौरान उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए और पति की जान लेने की कोशिश की गई।
पुलिस की कार्रवाई
एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। अब तक की जांच में छेड़छाड़ जैसी कोई बात सामने नहीं आई है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों पर कार्रवाई होगी।
घटना के बाद माहौल
यह घटना सामने आने के बाद गंगोह क्षेत्र में तनाव का माहौल है। परिजनों का आरोप है कि यदि स्कूल प्रशासन ने पहले ही छेड़छाड़ की शिकायत पर ध्यान दिया होता तो स्थिति यहां तक न पहुंचती। वहीं, प्रिंसिपल और उनका परिवार खुद को पीड़ित बता रहा है।
यह विवाद अब अभिभावकों, स्कूल प्रबंधन और पुलिस के बीच गंभीर टकराव का कारण बन गया है। फिलहाल, जांच रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि सच्चाई किस पक्ष की है, लेकिन घटना ने शिक्षा संस्थानों में सुरक्षा और पारदर्शिता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
छेड़छाड़ शिकायत करने पहुंचे छात्रा के पिता की पिटाई, दोनों पक्षों में आरोप-प्रत्यारोप

