Lakhimpur Kheri: लखीमपुर खीरी के निघासन तहसील क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। ग्राम पंचायत बरोठा में रविवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक किशोर पानी के तेज बहाव में जा गिरा। लेकिन गांव के युवकों की हिम्मत ने उसकी जान बचा ली।
बताया जा रहा है कि किशोर घर से चारा लेने निकला था। जैसे ही वह रपटा पुल से गुजरा, उसका पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में गिर पड़ा। मौके पर मौजूद गांव के ही सरोज, सुमित, उत्तम और अय्यूब ने बिना वक्त गंवाए पानी में छलांग लगा दी और जान जोखिम में डालकर किशोर को बाहर निकाल लिया।
गंभीर हालत में किशोर को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। गांव के लोगों का कहना है कि अगर युवकों ने हिम्मत नहीं दिखाई होती तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
यानी एक ओर हादसे ने पूरे गांव को दहला दिया, तो दूसरी ओर चार युवकों की बहादुरी ने यह साबित कर दिया कि इंसानियत से बड़ी कोई चीज नहीं होती।