रिपोर्ट: हसीन अंसारी
Ghazipur: शहर के प्रमुख चौराहों पर लंबे समय से खराब पड़ी आरओ वाटर मशीनों की मरम्मत की मांग को लेकर मंगलवार को छात्रों और नगरवासियों ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (EO) को ज्ञापन सौंपा। यह पहल समाजसेवी एवं पूर्व छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपक उपाध्याय के नेतृत्व में की गई।
ज्ञापन में कहा गया है कि लाखों रुपये की लागत से नगर पालिका द्वारा प्रमुख चौराहों और मंदिरों पर आरओ मशीनें लगाई गई थीं, लेकिन रखरखाव न होने के कारण वे महीनों से बंद पड़ी हैं। दीपक उपाध्याय ने इसे सरकारी धन की बर्बादी करार देते हुए कहा कि भीषण गर्मी में राहगीर, रिक्शा चालक और स्कूली बच्चे शुद्ध पेयजल के अभाव में परेशान हो रहे हैं और उन्हें मजबूरन बाजार से पानी खरीदना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अब ये मशीनें केवल शहर में शोपीस बनकर रह गई हैं।
पूर्व महामंत्री सुधांशु तिवारी और प्रगति दुबे ने भी नगरपालिका प्रशासन की लापरवाही पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि मशीनों की मरम्मत और मेंटेनेंस के नाम पर भ्रष्टाचार हो रहा है और खानापूरी करके मामला टाल दिया जाता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर सभी खराब मशीनें दुरुस्त नहीं की गईं तो नगरवासी धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
ज्ञापन के साथ खराब मशीनों की तस्वीरें भी संलग्न की गईं। इस दौरान प्रगति दूबे, विकास तिवारी, संतोष कुमार, राहुल यादव, रौशन सिंह, निलेश बिंद, अमित यादव, लालू, मिथलेश कुमार, रविनाथ यादव और शिवम पासवान सहित कई छात्र-नागरिक मौजूद रहे।
गाजीपुर: खराब पड़ी आरओ मशीनों की मरम्मत को लेकर छात्रों ने सौंपा ज्ञापन

