बीएचयू कैंपस में देर रात बवाल, बढ़ाई गई सुरक्षा

वाराणसी : बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) कैंपस रविवार की रात अचानक रणभूमि में बदल गया। देर रात करीब 11 बजे हॉस्टल से निकलने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते बड़े बवाल में बदल गया। जानकारी के अनुसार, आईआईटी-बीएचयू और बिरला हॉस्टल के छात्र आमने-सामने आ गए। पहले धक्का-मुक्की, फिर मारपीट और उसके बाद दोनों तरफ से जमकर पत्थरबाजी हुई।

बवाल के दौरान बिरला हॉस्टल के बाहर खड़ी कई गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए। इस झड़प में आईआईटी के तीन छात्र घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। कैंपस में अचानक हुए इस तनावपूर्ण माहौल की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों को बड़ी मुश्किल से शांत कराया गया।

मारपीट की खबर IIT के अन्य छात्रों तक पहुंची तो बड़ी संख्या में छात्र देर रात डायरेक्टर के दफ्तर के बाहर इकट्ठा हो गए। वे सुरक्षा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। रात बढ़ने के साथ माहौल और गरमाता गया। स्थिति को काबू में लाने के लिए देर रात से लेकर तड़के तक प्रशासनिक अधिकारियों की कैंपस में आवाजाही बनी रही।

एक यूजर द्वारा X पर साझा की गई जानकारी

सुबह करीब चार बजे डायरेक्टर अमित पात्रा और भेलूपुर एसीपी गौरव कुमार सिंह कैंपस पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों के छात्रों से मुलाकात कर किसी तरह मामला शांत कराया। फिलहाल पूरे कैंपस में एहतियातन सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है और छात्रों को हॉस्टल से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रों से संयम बरतने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जिन छात्रों ने हिंसा फैलाई है, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से BHU कैंपस में हुई पुरानी घटनाएँ:

सितंबर 2023: बीएचयू कैंपस में गार्ड्स और छात्रों के बीच झड़प, सुरक्षाकर्मियों पर छात्रों ने लगाया अभद्रता का आरोप।

फरवरी 2022: आईआईटी-बीएचयू के दो हॉस्टल के बीच क्रिकेट मैच को लेकर विवाद, मारपीट और तोड़फोड़ की घटना।

अक्टूबर 2017: छात्राओं के साथ छेड़छाड़ और सुरक्षा को लेकर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन, पुलिस लाठीचार्ज में कई छात्र घायल।

अगस्त 2014: विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के दौरान गुटबाजी में मारपीट, हॉस्टल में तोड़फोड़ और आगजनी।

मार्च 2012: दो छात्र गुटों के बीच सड़क हादसे को लेकर हिंसक झड़प, पुलिस को बुलाना पड़ा।

Related Post

Leave a Reply

You Missed

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading