सेवराई/गाजीपुर। नगसर हाल्ट थाना अंतर्गत अवती मोड़ के पास से वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने 2 किलो 200 ग्राम नाजायज गांजा के साथ एक वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
जानकारी अनुसार पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी जमानिया के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत नगसर हाल्ट थाना पुलिस थानाध्यक्ष रमेश कुमार के नेतृत्व में अवधी मोड़ के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी एक व्यक्ति अवैध गांजा लेकर कहीं भागने के फिराक में है। जल्दबाजी की जाए तो पकड़ में आ जाएगा। मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थानाध्यक्ष रमेश कुमार ने हमराहियों के साथ बिशुनपुरा गांव के तिराहे के पास घेराबंदी कर गुमटी के किनारे खड़े एक व्यक्ति को पकड़ लिया। उसकी तलाशी लेने पर उसके पास से 2 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस की पूछताछ में उसने अपना नाम उपेंद्र कुशवाहा पुत्र जनार्दन कुशवाहा निवासी गोहदा विशुनपुरा, थाना नगसर हाल्ट, जनपद गाजीपुर बताया। पुलिस ने एनडीपीएस के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी को जेल भेज दिया। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष रमेश कुमार, कांस्टेबल देवेन्द्र कुमार, विवेक कुमार और कांस्टेबल विनोद कुमार रहे।
इस बाबत नगसर हाल्ट थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि अभियुक्त पहले के कई मामलों में भी वांछित है। जिसे मुखबिर की सूचना पर 2किलो 200 ग्राम अवैध गांजा के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।


