गाजीपुर : मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए 1 लाख और साथ ही देंगे प्रवासी मजदूरों प्रशिक्षण
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश सरकार के अपर अधिवक्ता, तकनिकी शिक्षा व शोध संस्था के सचिव व प्रबंधक अजीत कुमार सिंह ने शुक्रवार को कोविड 19 वैश्विक महामारी से मुक्ति के लिए, राज्य सरकार के द्वारा किये जा रहे प्रयासों में, संस्था की ओर से सहयोग के रूप में मुख्यमंत्री राहत कोष में एक लाख रूपये की धनराशि का चेक जिलाधिकारी डा. ओम प्रकाश आर्य को सौंपा।
अजित कुमार सिंह ने बताया कि संस्था पूर्व से ही अपने संसाधनो के माध्यम से महामारी से लड़ने में जिला प्रशासन का सहयोग कर रही है। इस सहयोग की एक कड़ी में आर्थिक सहयोग दी गई। साथ ही उन्होंने बताया कि अप्रवासी मजदूरों के लिए कृषि विज्ञान केन्द्र पीजी कालेज द्वारा चयनित अप्रवासी मजदूरों को बकरी पालन, पशुपालन, मधुमक्खी पालन, डेयरी, नर्सरी उत्पादन सहित अन्य तकनीक के द्वारा प्रशिक्षित किया जाएगा।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ 16 जुलाई को जिलाधिकारी डा. ओम प्रकाश आर्य द्वारा किया जाएगा। साथ ही औषधीय एवं सहजन पौधे का रोपण कर चयनित किसानों को निःशुल्क पौधा वितरण किया जाएगा।