आरोप : बदायूं में मुस्लिम मतदाताओं को वोटिंग से रोका जा रहा?
Lok Sabha Election 3rd phase voting: उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के तहत आज यानी मंगलवार को 10 सीट के लिए मतदान होगा. आज जिन सीटों पर मतदान होगा उनमें संभल, हाथरस, आगरा, फतेहपुर सीकरी, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली सीट शामिल हैं. सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी. इस चरण में 100 उम्मीदवारों के भाग्य के फैसले का अधिकार 1.88 करोड़ मतदाताओं के पास होगा. इनमें एक करोड़ से अधिक पुरुष मतदाता और 87 लाख से अधिक महिला मतदाता शामिल हैं.
सपा ने आरोप लगाते हुए कहा, “बदायूं लोकसभा के बदायूं में बूथ संख्या 105, 106, 107, 108 पर मुस्लिम मतदाताओं को मतदान करने से रोके जाने की सूचना. चुनाव आयोग संज्ञान ले, निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित हो.”
सपा ने आरोप लगाया, “मैनपुरी लोकसभा के किशनी में बूथ संख्या 164 पर सपा कार्यकर्ता को पुलिस द्वारा जबरन किया गया गिरफ्तार. संज्ञान ले चुनाव आयोग, निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित हो.”
वहीँ आदित्य यादव ने मतदान के लिए अपील की है. उन्होंने कहा कि बदायूं में निष्पक्ष चुनाव अगर होता है, तो निश्चित ही समाजवादी पार्टी भारी मतों से जीतेगी. आदित्य यादव ने कहा कि जब से उनका वोट बना है तब से यह पहला मौका है जब वह अपना वोट नहीं डाल पाएंगे. साथ ही उनको अपनी भाभी डिंपल यादव को वोट ना कर पाने का भी मलाल है.