गन्ना उत्पादकता बढ़ाने को एनएसआई-यूपीसीएसआर में समझौता

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में गन्ना उत्पादकता बढ़ाने और किसानों की आय में सुधार के उद्देश्य से आज एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता राष्ट्रीय शर्करा संस्थान (एनएसआई), कानपुर और उत्तर प्रदेश गन्ना शोध परिषद (यूपीसीएसआर), शाहजहाँपुर के बीच हुआ। गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग मंत्री श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी की उपस्थिति में यह समझौता एनएसआई की निदेशक प्रो. श्रीमती सीमा परोहा और यूपीसीएसआर के निदेशक श्री वी.के. शुक्ल द्वारा हस्ताक्षरित किया गया।

समझौते के तहत एनएसआई अपनी 52 एकड़ भूमि पर ब्रीडर सीड (अभिजनक बीज) गन्ने का उत्पादन और संवर्धन करेगा। इसमें 20 एकड़ क्षेत्र में शरदकालीन गन्ना रोपण और शेष क्षेत्र में वसंतकालीन रोपण किया जाएगा। यूपीसीएसआर, एनएसआई को गन्ने की उन्नत किस्मों का बीज गन्ना उपलब्ध कराएगा, साथ ही खेत का निरीक्षण कर आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन और निःशुल्क प्रशिक्षण भी देगा। तैयार बीज गन्ने की आपूर्ति गन्ना आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आवंटन आदेश के अनुसार किसानों को की जाएगी, जिससे गुणवत्तापूर्ण बीज की उपलब्धता बढ़ेगी और प्रदेश में गन्ना उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

गन्ना मंत्री ने बताया कि इस पहल से प्रतिवर्ष लगभग 15,000 क्विंटल अतिरिक्त ब्रीडर सीड उपलब्ध होगा। इससे न केवल किसानों की आय में वृद्धि होगी बल्कि चीनी उद्योग की प्रतिस्पर्धात्मकता भी मजबूत होगी। मंत्री ने कहा कि किसानों का हित सुरक्षित रखने के लिए एनएसआई बीज का ब्रिक गन्ना विभाग द्वारा निर्धारित मूल्य पर करेगा। इस समझौते से दोनों विशेषज्ञ संस्थाओं के बीच तकनीकी हस्तांतरण में तेजी आएगी और गन्ना किसानों को लाभ मिलेगा।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव, चीनी उद्योग एवं गन्ना विकास श्रीमती वीना कुमारी, आयुक्त श्रीमती मिनिस्ती एस तथा दोनों संस्थाओं व विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading