गाजीपुर। बहरियाबाद क्षेत्र के भंवरूपुर गांव में शनिवार की देर रात एक विवाहिता का शव कमरे में पंखे के सहारे फंदे से लटकता मिला। मृतका की मां ने विवाहिता के पति पर दहेज के हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के छपरी गांव निवासी अलका की शादी 23 जून 2019 को भंवरूपुर गांव निवासी दीपक राम से हुई थी। उसकी एक पुत्री है। छह माह पूर्व दीपक राम अपने दो अन्य भाइयों के साथ मुंबई चला गया था। वहां वह मछली का व्यवसाय करता था। विवाहिता अलका देर रात सास सुखदेई, ससुर फिरंगी राम और जेठानी के साथ खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी। देर रात अलका के कमरे से उसकी 11 माह की पुत्री के रोने की आवाज सुनकर परिजन जग गए। जब ससुरालियों ने अलका को जगाने के लिए आवाज लगाई तो कोई हरकत सुनने को नहीं मिली। इस पर जब उन्होंने कमरे की खिड़की से देखा तो अलका का शव साड़ी के फंदे के सहारे पंखे से झूल रहा था। शोर मचाने पर लोग घटना स्थल पर पहुंच गए और घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लेने के साथ घटना की जानकारी मायके पक्ष के लोगों को दी। जानकारी होते ही मृतका की मां अन्य ग्रामीणों के साथ थाने पहुंची और पुत्री का शव देख बिलखने लगी। मृतका की मां ने उसके पति पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। इस संबंध में थानाध्यक्ष अगम दास ने कहा कि मृतका की मां प्रमिला देवी की ओर से मिली तहरीर के आधार पर छानबीन की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।