वाराणसी में नक्सली कमांडर ब्रजेश गंझू ढेर…
वाराणसी। रामनगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह लंका मैदान के समीप पुलिस और उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (UP ATS) की टीम की झारखंड के प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (TPC) के कमांडर से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, क्रॉस फायरिंग के दौरान 30 लाख रुपये के इनामी नक्सली कमांडर बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता को गोली लगी। पुलिस टीम घायल बृजेश को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी: पुलिस के मुताबिक, बृजेश गंझू पुत्र पंचू गंझू, निवासी लूटू, थाना लवलंग, जनपद चतरा (झारखंड), रविवार सुबह अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से टेंगरा मोड़ होते हुए रामनगर की ओर से मुगलसराय जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस और उत्तर प्रदेश एटीएस (UP ATS) की टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया। पुलिस का आरोप है कि टीम को देखते ही बृजेश मोटरसाइकिल से कूद गया और फायरिंग करते हुए भागने लगा। इसके बाद पुलिस और एटीएस की टीम की ओर से जवाबी कार्रवाई की गई। इसी दौरान गोली लगने से बृजेश घायल हो गया। पुलिस टीम उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी गोली: मुठभेड़ के दौरान नक्सली की ओर से चलाई गई गोली उत्तर प्रदेश एटीएस के डिप्टी एसपी विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी लगी। पुलिस के अनुसार, दोनों पुलिसकर्मी सुरक्षित हैं। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मुठभेड़ स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आसपास के इलाके में भी जांच की और घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई।
बृजेश पर दर्ज थे कई मामले: पुलिस के अनुसार, बृजेश गंझू के खिलाफ झारखंड में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। झारखंड सरकार की ओर से उस पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित था, जबकि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने पांच लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस के मुताबिक, बृजेश तृतीय प्रस्तुति कमेटी (TPC) का सक्रिय कमांडर था और लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर था।
मोटरसाइकिल सवार दूसरे व्यक्ति से पूछताछ: मुठभेड़ के बाद पुलिस ने बृजेश के साथ मोटरसाइकिल पर मौजूद दूसरे व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस टीम उससे घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं के बारे में जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही उसके संभावित साथियों, वाराणसी आने के उद्देश्य और मुठभेड़ से संबंधित अन्य बिंदुओं की भी जांच की जा रही है।
Disclaimer: यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।
#Ramnagar #Encounter #Naxalite #UPATS #BrijeshGanjhu
Tags: रामनगर, मुठभेड़, नक्सली कमांडर, बृजेश गंझू, यूपी एटीएस, पुलिस, झारखंड, टीपीसी, वाराणसी