राहुल गांधी का बड़ा आरोप, बोले- मेरा फोन टैप करवा रहे हैं PM मोदी; फिर दी आमने-सामने बहस की चुनौती
कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) पर एक बार फिर फोन टैप कराने का आरोप लगाया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर आयोजित सवाल-जवाब सत्र के दौरान अपना मोबाइल फोन दिखाते हुए कहा कि विदेशी फंडिंग से जुड़े आरोपों के सबूत उनके फोन में मौजूद हैं। राहुल ने दावा किया कि प्रधानमंत्री को पता है कि उनका फोन टैप कराया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री को आमने-सामने बहस करने की चुनौती भी दी और कहा कि उनके साथ सीधी बहस होने के बाद नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री पद पर नहीं रह पाएंगे। पिछले 12 दिनों में यह सातवीं बार है, जब राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को सार्वजनिक बहस के लिए चुनौती दी है।
फोन में सबूत होने का राहुल गांधी ने किया दावा:
इंस्टाग्राम पर सवाल-जवाब के दौरान एक यूजर ने राहुल गांधी से पूछा कि प्रधानमंत्री मोदी का आरोप है कि उन्हें विदेश से मदद मिल रही है, जबकि राहुल गांधी का कहना है कि प्रधानमंत्री विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहे हैं। इन दोनों दावों के समर्थन में उनके पास क्या सबूत हैं?
इसके जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि सभी आरोपों से जुड़े सबूत उनके फोन में ही मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के साथ आमने-सामने की बहस होने पर यह स्पष्ट हो जाएगा कि विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन काम कर रहा है, देश विरोधी कौन है और कौन कब से देश विरोधी गतिविधियों में शामिल है। राहुल ने यह भी दावा किया कि उनके पास ऐसी कई अन्य जानकारियां हैं, जिनके बारे में उन्हें पता है और जो उनके मोबाइल फोन में मौजूद हैं।
संसद में माइक बंद करने का लगाया आरोप:
एक अन्य सवाल में राहुल गांधी से पूछा गया कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) का कहना है कि बहस संसद में होनी चाहिए, फिर वह सार्वजनिक बहस पर जोर क्यों दे रहे हैं?
इस पर राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि उन्होंने संसद में कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बोलने का पर्याप्त मौका नहीं दिया गया और उनका माइक बंद कर दिया जाता है। उन्होंने कहा कि किसान कानून, वोट चोरी, सावरकर, चीन, जनरल नरवणे की किताब और एप्स्टीन से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखने की कोशिश की, लेकिन उन्हें बोलने नहीं दिया गया।
राहुल गांधी ने कहा कि वह संसद में होने वाली भाषणबाजी के बजाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सीधी और आमने-सामने की बहस चाहते हैं। उन्होंने बहस का प्रारूप बताते हुए कहा कि एक टेबल के एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बैठें और दूसरी तरफ वह खुद हों। प्रधानमंत्री उन पर आरोप लगाएं और वह प्रधानमंत्री से सवाल करें।
उन्होंने यह भी कहा कि अगर बहस के लिए अडाणी और मोहन भागवत को निर्णायक बनाया जाता है, तो उन्हें इससे भी कोई परेशानी नहीं है। राहुल ने दावा किया कि इस बहस के बाद नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री नहीं रह पाएंगे।
दिल्ली के प्रदूषण पर भी बहस की चुनौती:
राहुल गांधी से जब पूछा गया कि प्रधानमंत्री के साथ उन्हें किन अन्य मुद्दों पर बहस करनी चाहिए, तो उन्होंने दिल्ली के प्रदूषण का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को दिल्ली के वायु गुणवत्ता सूचकांक और आमने-सामने की बहस की चुनौती में से किसी एक पर जवाब देना चाहिए।
राहुल गांधी ने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री इन दोनों मुद्दों में से किसे ज्यादा नजरअंदाज करेंगे, यह देखना होगा। उन्होंने कहा कि यदि प्रधानमंत्री बहस के लिए आते हैं तो उन्हें अपने एयर चैंबर से बाहर निकलकर आम लोगों की तरह सांस लेनी पड़ेगी। उनके मुताबिक, बहस में इन दोनों मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है।
भाजपा नेताओं ने चुनौती पर उठाए सवाल:
राहुल गांधी की बहस की चुनौती पर भाजपा नेताओं ने पलटवार किया है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी संसद में ही बहस से बचते रहे हैं। उन्होंने उनकी चुनौती पर सवाल उठाते हुए कहा कि संसद में बहस के लिए पहले से ही उचित मंच मौजूद है।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (Nirmala Sitharaman) ने कहा कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री के साथ बहस के लिए जगह तय करने की बात कर रहे हैं, जबकि संसद में पहले से ही ऐसा मंच उपलब्ध है। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के रूप में राहुल गांधी से गंभीरता और जिम्मेदारी दिखाने का आह्वान किया।
सीआरपीएफ जवानों को टैग कर दोहराई चुनौती:
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री को एक बार फिर खुली बहस की चुनौती देते हुए इस बार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवानों को टैग करके पोस्ट किया। उन्होंने जवानों को संबोधित करते हुए लिखा कि उनके चेहरों से सब कुछ स्पष्ट है और उन्हें प्रधानमंत्री के दावों पर भरोसा नहीं है।
राहुल गांधी ने पोस्ट में यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने उन्हें नक्सली कहा है। उन्होंने अपनी चुनौती दोहराते हुए सवाल किया कि देशद्रोही कौन है और विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन काम कर रहा है। राहुल ने कहा कि वह किसी भी समय और किसी भी जगह बहस के लिए तैयार हैं। उन्होंने दावा किया कि इस बहस के बाद प्रधानमंत्री में किसी जवान के सामने खड़े होने की भी हिम्मत नहीं रहेगी।
#Tags: #RahulGandhi #NarendraModi #Congress #BJP #PoliticalNews #CRPF
Disclaimer:
यह खबर स्थानीय संवादाता/मीडिया प्लेटफार्म या अन्य द्वारा प्राप्त की गई सूचना पर आधारित है। यदि कोई आपत्ति है या खबर से संबंधित कोई सूचना देने या अपना पक्ष रखने के लिए हमें ईमेल करें: apnabharattimes@gmail.com।