अब बीजेपी बदलेगी गाज़ीपुर का नाम?

अभिनेेंद्र की कलम से

लखनऊ। गाजीपुर का प्राचीन गौरव फिर से लौटाने के लिए भाजपा के वरिष्ठ नेता व प्रवक्ता नवीन श्रीवास्तव ने गाजीपुर का नाम गाधीपुरी करने की मांग की है। उन्होंने इस संम्बन्ध में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या को अनुरोध पत्र भेजा है। भाजपा प्रवक्ता नवीन श्रीवास्तव ने बताया कि प्राचीन काल में महर्षि विश्वामित्र के पिता राजा गाधी की राजधानी गाधीपुरी था। गाधीपुरी का अपना वैभवशाली अतीत रहा है। बाद में मुस्लिम आक्रांता मुहम्मद बिन तुगलक के सिपहसालार गाजी के नाम पर इस नगरी का नाम गाजीपुर कर दिया गया था। भाजपा नेता ने बताया कि गाजीपुर को उसका प्राचीन गौरव लौटाने के लिए वह काफी समय से प्रयासरत हैं। इसी संदर्भ में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से मिल कर उन्हें गाजीपुर जी जनता की भावना से अवगत कराते हुए ये अनुरोध पत्र सौंपा है। 

आपको बताते चलें कि योगी सरकार मुगलसराय जिले का नाम बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर, इलाहबाद और फैजाबाद का नाम बदलकर प्रयागराज और अयोध्या करने के बाद अब बस्ती जिले के नाम बदलने की तैयारी में है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले का नाम बदलकर वशिष्ठ नगर करने के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने सरकार को रिपोर्ट भेजी है। जिलाधिकारी निरंजन ने बताया कि बस्ती जिले का नाम बदलने का प्रस्ताव राजस्व बोर्ड को भेजा गया है और नाम बदलने पर एक करोड़ रुपये का खर्च आएगा। योगी सरकार द्वारा नगरों को उनका प्राचीन गौरव व पहचान दिलाने के क्रम में अब गाजीपुर भी कतार में हैं। उम्मीद की जा रही है कि देश को अपनी धरती से सबसे ज्यादा सैनिक देने वाले गाजीपुर को उसकी पुरानी पहचान जल्द ही वापस मिलेगी।

By

Related Post

Leave a Reply

Discover more from Apna Bharat Times

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading