Lucknow: उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार देर रात प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए चार PCS अधिकारियों का तबादला किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय के नए प्रमुख सचिव एम. देवराज की नियुक्ति के बाद यह पहला बड़ा कदम माना जा रहा है। खास बात यह है कि इस बार सूचना निदेशालय में दो PCS अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसे प्रशासनिक व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव माना जा रहा है।
जारी आदेश के अनुसार, PCS अनुराग प्रसाद, जो अब तक महोबा में SDM के पद पर कार्यरत थे, उन्हें सहायक निदेशक सूचना बनाया गया है। इसी तरह PCS आत्रेय मिश्र, जो राज्य संपत्ति विभाग में सहायक निदेशक के पद पर तैनात थे, अब उन्हें भी सहायक निदेशक सूचना की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह निर्णय सूचना विभाग को और अधिक सक्रिय और पेशेवर बनाने की दिशा में उठाया गया बड़ा कदम है। पहली बार सूचना विभाग में दो PCS अधिकारी एक साथ काम करेंगे, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली और भी मजबूत होने की उम्मीद है।
इसके अलावा, PCS रजत वर्मा, जो अब तक बांदा में SDM के रूप में कार्यरत थे, को स्थानांतरित कर आगरा का SDM नियुक्त किया गया है। वहीं, PCS आदेश सिंह सागर को राजस्व परिषद से हटाकर SDM महोबा के पद पर भेजा गया है। इन दोनों अधिकारियों की तैनाती से क्षेत्रीय प्रशासनिक व्यवस्था में नई ऊर्जा और मजबूती आने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, यह तबादले प्रशासनिक संतुलन, सुशासन और विभागीय दक्षता को ध्यान में रखकर किए गए हैं। खासकर सूचना निदेशालय में हुए बदलाव से सरकार का यह संदेश साफ है कि मीडिया प्रबंधन और सूचना संप्रेषण को लेकर अब और गंभीर एवं प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
इन तबादलों को आने वाले दिनों में प्रदेश की प्रशासनिक और सूचना तंत्र की कार्यप्रणाली पर सकारात्मक असर डालने वाला माना जा रहा है।
यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, सूचना विभाग में पहली बार दो अफसर तैनात