रिपोर्ट: सऊद अंसारी
Lucknow: पैग़ंबर मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम के जन्मदिन के अवसर पर शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में ईद मिलादुन्नबी बड़े हर्ष और उल्लास के साथ मनाई गई। इस मौके पर मुस्लिम समाज के लोगों ने जुलूस निकालकर मोहम्मद ﷺ की शान में नात और कसीदे पेश किए। कार्यक्रम में समाजसेवी आमिर कुरैशी, मजहर कुरैशी, इब्राहिम कुरैशी और फहद खान सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
नखास से निकला भव्य जुलूस
पुराने लखनऊ के नखास क्षेत्र से ईद मिलादुन्नबी का विशाल जुलूस निकाला गया, जिसमें हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए जगह-जगह पहुँचा, जहाँ स्थानीय नागरिकों ने इसका गर्मजोशी से स्वागत किया। कई स्थानों पर शरबत, पानी, मिठाई और हल्के नाश्ते की व्यवस्था की गई थी। बच्चों से लेकर बुज़ुर्ग तक सभी लोग उत्साहपूर्वक शामिल हुए और भाईचारे का संदेश दिया।
तिरंगे और झंडे ने दी नई पहचान
इस जुलूस की विशेषता यह रही कि इसमें राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा और पैग़ंबर मोहम्मद ﷺ का झंडा, जिस पर कलमा-ए-तय्यबा लिखा था, दोनों साथ-साथ लहरा रहे थे। इससे न केवल धार्मिक आस्था बल्कि देशभक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला। पूरे आयोजन में अमन, सौहार्द और एकता का संदेश गूंजता रहा।
दुआओं और स्वागत की गूंज
मुस्लिम समाज के लोगों ने इस मौके पर मुल्क की तरक्की, अमन-चैन और आपसी भाईचारे के लिए खास दुआएं कीं। वहीं शहरवासियों ने फूल बरसा कर जुलूस का स्वागत किया। कई घरों के दरवाज़ों पर विशेष इंतज़ाम किए गए थे, जहाँ राहगीरों और जुलूस में शामिल लोगों को खाने-पीने की वस्तुएं पेश कर मेहमाननवाजी की गई।

